पटना: राजधानी पटना में बीती रात बदमाशों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया. अपराधियों ने घर का दरवाजा खुलवा कर एक ट्रक ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है जबकि परिजनों में कोहराम मच गया. घटना पटना के बिहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरी गांव की है जहां मंगलवार की देर रात अपराधियों ने पहले घर का दरवाजा खुलवाया फिर गोली मार कर ट्रक ड्राइवर की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए. मृतक की पहचान स्थानीय इरफान इमाम उर्फ कल्लू के रूप में की गई.
बताया जा रहा है कि हत्या के बाद अपराधी मृतक का मोबाइल लेकर भाग गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर अपराधियों की पहचान में जुट गई है. स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक पिछले दो वर्षों से अपनी पत्नी और बेटे के साथ सिमरी गांव में किराए के मकान में रहता था. बताया जा रहा है कि बीती रात करीब साढ़े 11 बजे दो बदमाश पहुंचे और दरवाजा खटखटा कर खुलवाया तथा सिर में गोली मार दी. गोली लगने के बाद वह वहीं गिर गया जबकि अपराधी उसका मोबाइल लेकर भाग निकले. गोली चलने की आवाज सुन कर घर और आसपास के लोग जब तक बाहर निकले अपराधी भाग निकले थे वहीं इरफान की मौत हो चुकी थी.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई. बताया जा रहा है कि घटना के वक्त मृतक की पत्नी छोटे बेटे के साथ सिमरी गांव में स्थित अपने मायके में थी जबकि उसका बड़ा बेटा घर में ही सो रहा था. बताया जा रहा है कि मृतक का अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था जिसकी वजह से वह अपने मायके में थी. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले भी उस पर फायरिंग हुई थी. मृतक की पत्नी ने बताया कि करीब एक महीने पहले वह अपने पति के साथ आरा से बाइक पर बिहटा लौट रही थी तभी मौदही गांव के समीप उनके ऊपर फायरिंग हुई थी.
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. फिलहाल आशंका जताई जा रही है कि किसी पुरानी रंजिश की वजह से हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है. मामले को लेकर बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि देर रात घटना की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई है. उन्होंने बताया कि हत्या के बाद मृतक का मोबाइल अपराधियों के द्वारा ले कर भागना अहम पहलू है. फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. मृतक की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं.