Bihar

पटना वासियों के लिए जरूरी खबर: 45 दिनों तक बंद रहेगा यह प्रमुख रास्ता, जानें वैकल्पिक रूट

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना(PATNA) : राजधानी पटना में सड़क निर्माण कार्य के कारण यातायात व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है. मंगलवार से मसौढ़ी मोड़ और जीरो माइल के बीच वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. यह प्रतिबंध करीब 45 दिनों तक प्रभावी रहने की संभावना है. निर्माण एजेंसी ने निर्धारित अवधि के भीतर सड़क से संबंधित काम पूरा करने की बात कही है.

वाहन चालकों के लिए तय किए गए वैकल्पिक रास्ते

निर्माण वाले हिस्से में वाहनों की आवाजाही रोकने से आसपास के मार्गों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ सकता है. इसे ध्यान में रखते हुए पटना यातायात पुलिस ने वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए हैं. पश्चिम दिशा की ओर जाने वाले वाहनों को मसौढ़ी मोड़ से करीब एक किलोमीटर आगे विजयनगर तक जाना होगा. वहां से यू-टर्न लेकर वाहन गांधी सेतु की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे. दूसरी ओर, बाइपास से आने वाले वाहन जीरो माइल फ्लाइओवर के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे.

प्रमुख स्थानों पर तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

नई यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू करने के लिए मंगलवार से संबंधित स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. पुलिसकर्मी वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक रास्तों की ओर भेजेंगे. इसका उद्देश्य निर्माण स्थल के आसपास अनावश्यक जाम और यातायात संबंधी परेशानी को कम करना है.यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निर्माण कार्य पूरा होने तक प्रतिबंधित सड़क पर जाने से बचें और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें.

GPO ROB पर मालवाहक वाहनों के लिए नया नियम

मसौढ़ी मोड़-जीरो माइल मार्ग के अलावा जीपीओ आरओबी पर भी यातायात व्यवस्था बदली गई है. यहां व्यस्त समय के दौरान मालवाहक वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है. बुद्ध मार्ग और मीठापुर की तरफ से आने वाले मालवाहक वाहन सुबह 9 बजे से 11 बजे और शाम 6 बजे से रात 8:30 बजे तक जीपीओ आरओबी से नहीं गुजर सकेंगे. इस अवधि में उन्हें अनीसाबाद, बेऊर और न्यू बाइपास के रास्ते भेजा जाएगा.

जीपीओ आरओबी पर बढ़ा वाहनों का दबाव

मीठापुर-महुली एलिवेटेड फ्लाइओवर पर यातायात शुरू होने के बाद जीपीओ आरओबी पर वाहनों की संख्या बढ़ी है. सुबह और शाम के व्यस्त समय में यहां जाम की समस्या ज्यादा देखने को मिल रही है. इसी को देखते हुए मालवाहक वाहनों के लिए समय आधारित प्रतिबंध लागू किया गया है. ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने सोमवार को जीपीओ टीओपी का निरीक्षण कर नई व्यवस्था की जानकारी ली. आरओबी के दोनों छोर पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जो प्रतिबंधित समय में मालवाहक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजेंगे.

TagsBihar