Bihar

बाढ़ में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन, हथियार बनाने वाले कारीगर समेत 4 गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): पटना से सटे बाढ़ इलाके में बिहार एसटीएफ और पटना जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ है. पुलिस टीम ने बाढ़ थाना क्षेत्र के बनारसी घाट गांव में छापेमारी कर हथियार बनाने वाले कारीगर और हथियार से जुड़े आरोपियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. मौके से अर्धनिर्मित हथियार, जिंदा कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए हैं.

15 सितंबर को हुई कार्रवाई

बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 15 सितंबर 2026 को बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और पटना जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की. टीम ने पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के बनारसी घाट गांव में छापेमारी की, जहां कथित तौर पर अवैध तरीके से हथियार बनाने का काम चल रहा था.

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान हथियार बनाने वाले कारीगर कौशल कुमार, बनारसी घाट की लोहार टोली निवासी रेखा देवी, पुरा वार्ड नंबर-01 निवासी गौरव कुमार पांडेय और सोनू कुमार को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने इनके पास से अर्धनिर्मित हथियार, जिंदा कारतूस और हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं.

क्या-क्या हुआ बरामद?

पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, छापेमारी में—5 अर्धनिर्मित कट्टा,,12 जिंदा कारतूस,3 अर्धनिर्मित बैरल,3 बेस मशीन,2 ग्राइंडर मशीन,1 ड्रिल मशीन,हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण,₹62,000 नकद बरामद किए गए हैं.

हथियार सप्लाई नेटवर्क की भी जांच

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और हथियारों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. यह जांच की जा रही है कि तैयार या अर्धनिर्मित हथियारों की सप्लाई कहां और किन लोगों तक की जानी थी. पुलिस ने मामले में बाढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

TagsBihar