☰
Bihar

पटना में देखने जा रहे हैं रावण दहन तो पढ़ें यह खबर, कई मार्गों पर आवाजाही बंद, बदले रहेंगे रूट

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: राजधानी पटना में दुर्गा पूजा काफी धूमधाम से मनाया जा रहा है. लोग विभिन्न पंडालों में घूम कर माता का दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं. इसके साथ मंगलवार को गांधी मैदान में भव्य रावण दहन भी किया जाएगा. लगातार 71वें वर्ष रावण दहन के अवसर पर 90 फीट ऊंचा पुतला बनाया गया है जबकि आकर्षक आतिशबाजी की भी तैयारी की जा रही है. रावण दहन को लेकर जुटने वाली भीड़ के मद्देनजर मंगलवार को राजधानी में ट्रैफिक में काफी बदलाव किया गया है. गांधी मैदान के आसपास और वहां जाने वाली कई सड़कों पर मंगलवार को वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा. 

इन सड़कों पर नहीं चल सकेंगी वाहन

पटना ट्रैफिक पुलिस की तरफ से जारी एडवाइजरी के अनुसर डाकबंगला चौराहा और भट्टाचार्य मोड़ से वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा जबकि नेहरू पथ (बेली रोड) पर आने वाले वाहनों को आयकर चौराहा से डायवर्ट कर दिया जाएगा. इसके साथ ही मंगलवार सुबह 11 बजे से आयुक्त कार्यालय के सामने से जेपी गंगा पथ पर गोलंबर से गांधी मैदान की तरफ तथा रामगुलाम चौक से पश्चिमी जेपी पथ तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. जेपी गोलंबर से चिल्ड्रन पार्क तक का रास्ता सुरक्षित रखा जाएगा जबकि ठाकुरबाड़ी मोड़ और बाकरगंज मोड़ से पश्चिमी गांधी मैदान की तरफ तथा आईएमए हॉल, होटल पनाश, मौर्य होटल समेत अन्य सभी कटिंग से गांधी मैदान की तरफ वाहनों की आवाजाही नहीं होगी.

इस तरफ डायवर्ट किए जाएंगे वाहन 

अशोक राजपथ पर भी गोविंद मित्रा रोड की तरफ से कारगिल चौक की तरफ वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी. बुद्ध मार्ग पर भी कोतवाली टी से गांधी मैदान की तरफ जाने वाली सभी सड़कें बंद हेंगी. मंगलवार को आवाजाही के लिए बंद सड़कों के लिए वैकल्पिक मार्ग की भी व्यवस्था की गई है. डाकबंगला चौराहा वाहनों को न्यू डाकबंगला रोड और भट्टाचार्य मोड़ से राजेंद्र पथ की तरफ डायवर्ट किया जाएगा. पटना सिटी से जंक्शन जाने वाले सभी वाहन अशोक राजपथ पर गांधी चौक से भिखना पहाड़ी मोड़, बारी पथ, मछुआ टोली, दिनकर गोलंबर, नाला रोड होते हुए जा सकती हैं. दानापुर से गांधी मैदान जाने वाले वाहन राजपुर पुल से बोरिंग रोड चौराहा की तरफ जा सकेंगे. पटना जंक्शन से गांधी मैदान जाने वाले वाहन सीडीए बिल्डिंग, भट्टाचार्य मोड़ होते हुए गोरियाटोली के रास्ते जा सकेंगे.

पार्किंग की व्यवस्था

ट्रैफिक एसपी सागर चौधरी के अनुसार रावण दहन देखने आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है. लोग अपनी गाड़ी जेपी गंगा पथ के एक फ्लैंक, मौर्य लोक कॉम्प्लेक्स, वीरचंद पटेल पथ की सर्विस लेन, हार्डिंग रोड पर जीपीओ से आर ब्लॉक चौराहे तक दोनों फ्लैंक पर एक लेन में पार्क कर सकते हैं. 

TagsBihar