पटना (PATNA): जिले के पालीगंज अनुमंडल में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है जहां दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र के सिंघाड़ा गांव में 20 वर्षीय शहजाद मंसूरी की धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि देर रात फोन कर उसे घर से बुलाया गया था. इसके बाद शुक्रवार सुबह उसका खून से लथपथ शव घर से महज 200 मीटर की दूरी पर गांव की गली में मिला. युवक के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है.
मृतक की पहचान सिंघाड़ा गांव निवासी मुमताज मंसूरी के 20 वर्षीय पुत्र शहजाद मंसूरी के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, शहजाद गुरुवार रात अपने घर पर ही था. देर रात उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया. फोन आने के बाद वह बिना कुछ बताए घर से बाहर निकल गया. परिवार के लोगों को लगा कि वह थोड़ी देर में वापस लौट आएगा, लेकिन रातभर उसका कोई पता नहीं चला. शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने घर से करीब 200 मीटर दूर गली में उसका शव पड़ा देखा. सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. शहजाद का शव खून से लथपथ था और सिर तथा चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे. शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई.
मृतक के चाचा शमशेर आलम ने शहजाद के दोस्तों पर हत्या का शक जताया है. उनका कहना है कि देर रात फोन कर शहजाद को घर से बुलाया गया था. आशंका है कि उसे बुलाने वाले उसके जानने वाले या दोस्त ही थे. हालांकि, हत्या किसने और किस वजह से की, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है. वहीं शहजाद की मां फ़िरोज़ा खातून ने बेटे की हत्या के बाद न्याय की मांग की है. परिवार के लोगों का कहना है कि शहजाद को फोन कर बुलाने वाले व्यक्ति की पहचान होने से घटना की गुत्थी सुलझ सकती है.
इधर, घटना की सूचना मिलते ही दुल्हिनबाजार थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. थानाध्यक्ष के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवक की हत्या चाकू या किसी अन्य धारदार हथियार से किए जाने की बात सामने आई है. वारदात में इस्तेमाल हथियार अभी बरामद नहीं हुआ है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए छानबीन जारी है.
