टीएनपी डेस्क (TNP DESK):बिहार की राजधानी पटना में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां मनेर थाना क्षेत्र के व्यपुर गांव में एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गया. इस हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि जैसे ही ऑटो गड्ढे में गिरा, वह ऊपर से गुजर रही बिजली की एलटी (लो टेंशन) लाइन की चपेट में आ गया, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं. एक साथ तीन लोगों की दर्दनाक मौत से पूरे जिले में अफरा-तफरी मच गई.
ऑटो पलटने के बाद करंट की चपेट में आए 3 की दर्दनाक मौत
जानकारी के मुताबिक, ऑटो रामजी चक-बांक मार्ग से जा रहा था. इसी दौरान सामने से आ रही एक कार ने ऑटो को हल्की टक्कर मार दी, जिसकी वजह से ऑटो अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गया. बताया जा रहा है कि ऑटो में चालक समेत कुल 10 लोग सवार थे. यह सड़क हादसा इसलिए भी दर्दनाक बन गया क्योंकि ऑटो में करंट दौड़ गया. अगर करंट नहीं लगता, तो लोगों की जान बच सकती थी. करंट लगने की वजह से लोग ऑटो में फंस गए और बाहर नहीं निकल पाए, जिसके कारण तीन लोगों की मौत हो गई. हालांकि, कुछ लोगों ने जैसे-तैसे ऑटो से निकलकर अपनी जान बचाई.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है
हादसे की जानकारी जैसे ही लोगों को लगी, वे मौके पर पहुंच गए, लेकिन करंट होने की वजह से बचाव कार्य शुरू नहीं कर पाए. लोगों ने तुरंत डायल 112 और मनेर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और मनेर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा बिजली विभाग से संपर्क कर एलटी लाइन की बिजली बंद कराई. जैसे ही बिजली काटी गई, पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद गड्ढे से ऑटो को निकाला गया. वहीं, घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन इस दौरान तीन लोगों की मौत हो चुकी थी. वहीं, तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
पढ़िये मामले पर पुलिस ने क्या कहा है
वहीं, मामले पर मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने हादसे की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है. मृतकों की पहचान प्रमोद कुमार, तुन-तुन और पन्ना साहू के रूप में हुई है. वहीं, पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
