Bihar

कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से पटना बंद का आह्वान, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : राजधानी पटना में आज प्रस्तावित बंद को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. "कॉकरोच जनता पार्टी" की ओर से पटना बंद का आह्वान किए जाने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. सोशल मीडिया के माध्यम से बंद को लेकर लगातार संदेश और चेतावनियां साझा किए जाने के कारण पुलिस और प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं.

संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती

प्रशासन ने पटना के सभी संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है. खास तौर पर गांधी मैदान, डाकबंगला चौराहा, बिहार विधानसभा, भाजपा कार्यालय और मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है. इन स्थानों पर आने-जाने वाले लोगों और वाहनों पर भी नजर रखी जा रही है.

कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता

बिहार पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके. अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी तरह की गड़बड़ी या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी या सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे संदेशों पर बिना पुष्टि किए भरोसा न करें. यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें.

सुरक्षा एजेंसियों की लगातार हालात पर नजर

फिलहाल राजधानी में स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रहे.

 

TagsBihar