☰
Bihar

नेपाल में भारी बारिश से बढ़ा गंडक का जलस्तर, 5 लाख क्यूसेक पानी आने की आशंका

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना (PATNA): नेपाल में गंडक नदी के जल अधिग्रहण क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से सामान्य से काफी अधिक बारिश हुई है. इसका असर बिहार में गंडक नदी के जलस्तर पर दिखाई दे रहा है. उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि 27 सितंबर की सुबह 11 बजे वाल्मीकिनगर बराज पर करीब 4.24 लाख क्यूसेक पानी का प्रवाह दर्ज किया गया. पानी का स्तर लगातार बढ़ने की प्रवृत्ति में है. स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग के सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखा गया है. तटबंधों की निगरानी के लिए अतिरिक्त अभियंताओं की भी तैनाती की गई है.

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि वाल्मीकिनगर बराज से करीब 80 किलोमीटर ऊपर नेपाल के देवघाट गेज स्थल पर दर्ज जलस्तर को देखते हुए शाम तक बराज पर करीब 5 लाख क्यूसेक या उससे अधिक पानी पहुंचने की संभावना है. हालांकि, यह मात्रा वर्ष 2024 में दर्ज अधिकतम 5.62 लाख क्यूसेक जलश्राव से कम रहने की संभावना है. इसके बावजूद विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. सभी अभियंताओं को तटबंधों की लगातार निगरानी और चौकसी का निर्देश दिया गया है. अधिकारियों को किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी गई है.

विजय कुमार चौधरी ने कहा कि फिलहाल गंगा नदी का जलस्तर कम होने के कारण गंडक के पानी की निकासी गंगा में सुचारू रूप से हो रही है. ऐसे में व्यापक जलजमाव या गंभीर बाढ़ का खतरा फिलहाल नहीं दिख रहा है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि मौसम और नदी की स्थिति का शत-प्रतिशत पूर्वानुमान संभव नहीं है. प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और जरूरत के अनुसार कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घबराएं नहीं, लेकिन पूरी तरह सतर्क और सजग रहें.

TagsBihar