☰
Bihar

इंजीनियर के कमरे से निकला रुपयों का अंबार, नोट गिनने के लिए मंगवानी पड़ी मशीन! जानिए कहां हुई रेड

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई शुरू की है. योजना एवं विकास विभाग में तैनात कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है. पटना, मुंगेर, भागलपुर और मुजफ्फरपुर समेत कई स्थानों पर EOU की टीमें पहुंचकर तलाशी और जांच कर रही हैं.

नारद कुमार दास के खिलाफ भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने से जुड़ा मामला दर्ज किया गया है. प्रारंभिक जांच में उनकी आय और संपत्ति के बीच असमानता से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद EOU ने प्राथमिकी दर्ज की और न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त किया. इसी के आधार पर गुरुवार सुबह अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया गया.

छापेमारी के दौरान इंजीनियर के आवास से करीब 50 लाख रुपये नकद बरामद होने की सूचना है. नकदी की मात्रा अधिक होने के कारण नोटों की गिनती के लिए EOU की टीम ने मशीन मंगवाई है. मशीन से गिनती पूरी होने के बाद ही बरामद रकम की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी.EOU की कार्रवाई के दौरान मुजफ्फरपुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में भी टीम ने छापेमारी की है. यहां अधिकारी परिसर की तलाशी लेकर दस्तावेज और अन्य सामान की जांच कर रहे हैं. इसके अलावा मुंगेर में भी EOU की टीम जांच के लिए इलेक्ट्रिक तराजू समेत अन्य उपकरण लेकर पहुंची है.

नारद कुमार दास फिलहाल मुंगेर में पदस्थापित हैं और मूल रूप से भागलपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं. उनके पांच ठिकानों पर चल रही कार्रवाई के दौरान नकदी के अलावा संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण सामान की जांच की जा रही है.EOU की टीम संबंधित परिसरों में बैंक खातों, निवेश, जमीन-जायदाद और अन्य वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी खंगाल रही है. छापेमारी पूरी होने के बाद बरामद नकदी, दस्तावेज और अन्य संपत्तियों का विस्तृत ब्योरा सामने आने की उम्मीद है. ऐसे में करीब दस दिन पहले पटना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक अफसर दंपती के कई ठिकानों पर छापेमारी की थी. पटना के एडीएम (आपूर्ति) रविंद्र कुमार दिवाकर और दानापुर की जिला सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के पटना और बेगूसराय स्थित परिसरों में तलाशी ली गई थी.

इस कार्रवाई में पटना के रूपसपुर स्थित कश्यप ग्रीन सिटी के फ्लैट से 70 लाख रुपये से अधिक नकद बरामद किए गए थे. वहीं, बेगूसराय स्थित आवास से भी नौ लाख रुपये से ज्यादा कैश मिला था. इसके अलावा 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण मिलने की बात सामने आई थी. अब कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास से जुड़े पांच ठिकानों पर EOU की कार्रवाई ने बिहार में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामलों को लेकर जांच एजेंसियों की सक्रियता को फिर चर्चा में ला दिया है. फिलहाल छापेमारी जारी है और कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामदगी से जुड़े आंकड़े और जांच के अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है.

TagsBihar