पटना (PATNA) : बिहार विधान परिषद के मानसून सत्र के पहले दिन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सदन पहुंचकर खुशी जाहिर की. उन्होंने बताया कि आज उनका जन्मदिन भी है और ऐसे खास दिन पर सदन में मौजूद रहना उनके लिए सम्मान और खुशी की बात है. उन्होंने कहा कि वह हमेशा सदन की गरिमा बनाए रखने के लिए काम करते रहेंगे.
पिता ने करीब 20 वर्षों तक बिहार की सेवा की है
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता ने करीब 20 वर्षों तक बिहार की सेवा की है और राज्य के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं. अब उनकी कोशिश रहेगी कि उन कार्यों और विकास की गति को आगे बढ़ाया जाए. उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है.
लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में लोगों से जुड़ी समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है. अस्पतालों में मिलने वाली सुविधाओं को बेहतर बनाने, मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए लगातार काम किया जा रहा है. साथ ही विभाग में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि उनकी पूरी टीम इसी सोच के साथ काम कर रही है ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें.
स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने का प्रयास
निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता अब राज्यसभा चले गए हैं. ऐसे में बिहार में विकास कार्यों की जिम्मेदारी अब नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाई जाएगी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सरकार के अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने का प्रयास जारी रहेगा.
समाधान करना ही सबसे बड़ी प्राथमिकता
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जनता के हित में लगातार काम करती रहेगी और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि लोगों का विश्वास बनाए रखना और उनकी समस्याओं का समाधान करना ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
