☰
Bihar

PMCH का निरीक्षण करने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, शिकायतों पर अधिकारियों को दिए निर्देश

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना (PATNA): पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में टावर के उद्घाटन के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अचानक अस्पताल के निरीक्षण के लिए निकल पड़े. इस दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और इलाज कराने पहुंचे मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. निरीक्षण के दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने स्वास्थ्य मंत्री के सामने कई शिकायतें रखीं. मंत्री ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और शिकायतों को नोट किया. इस दौरान पीएमसीएच के अधीक्षक भी उनके साथ मौजूद रहे. स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर इलाज की व्यवस्था और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली.

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने अस्पताल के अधीक्षक और डॉक्टरों को मरीजों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बिहार के कोने-कोने से लोग बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर पीएमसीएच पहुंचते हैं. ऐसे में डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक मरीज का समुचित इलाज किया जाए.

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकार अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव संसाधन मुहैया करा रही है. ऐसे में मरीजों को इलाज के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने अस्पताल प्रशासन से मरीजों की शिकायतों पर ध्यान देने और व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने को कहा. फिलहाल अब देखना होगा की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बिहार में क्या नया देखने को मिलट है और कितना सहज तरीके से चलता है.

TagsBihar