पटना (PATNA): राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र स्थित खोजाइमली इलाके में रविवार को तेज रफ्तार कार ने एक दर्दनाक हादसे को अंजाम दे दिया.इस दुर्घटना में 45 साल के चाय बेचनवाली विनीता देवी की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई.स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुनीता देवी रोज की तरह अपने काम में व्यस्त थी.इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. आरोप है कि टक्कर मारने के बाद चालक घबराकर भागने की कोशिश करने लगा और इसी दौरान उसने महिला के ऊपर दोबारा कार चढ़ा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.
हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने गंभीर हालत में सुनीता देवी को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.इलाके के लोगों में भी इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा गया. लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.घटना की सूचना मिलते ही गर्दनीबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक प्रद्युम्न कुमार (25) को कार सहित गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था.पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है.
दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं पर सवाल खड़े कर दिए है. स्थानीय लोगों ने दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है.
