Bihar

पटना में ‘हर घर तिरंगा’ की धूम: CM सम्राट चौधरी ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, डिप्टी सीएम की गैरमौजूदगी पर चर्चा

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) :  बिहार की राजधानी पटना में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. यात्रा की शुरुआत जेपी गोलंबर से हुई. इसमें बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए. बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में पहुंचे. देशभक्ति के नारों और तिरंगे से सजी सड़कों के बीच राजधानी में उत्साह का माहौल देखने को मिला.

कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ नजर आए CM

तिरंगा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ नजर आए. वहीं, कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्रियों की गैरमौजूदगी को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा होती रही. कार्यक्रम शुरू होने के बाद भी दोनों डिप्टी सीएम कार्यक्रम स्थल पर नजर नहीं आए. बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी फिलहाल पटना से बाहर हैं. इसी कारण वह तिरंगा यात्रा में शामिल नहीं हो सके. वहीं, दूसरे उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव के कार्यक्रम में नहीं पहुंचने को लेकर उनकी अधिक उम्र की चर्चा होती रही. हालांकि, उनकी गैरमौजूदगी की आधिकारिक वजह की पुष्टि नहीं हुई है.

बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली

कार्यक्रम में मंत्री अशोक चौधरी की मौजूदगी जरूर देखने को मिली. वह मंच पर मुख्यमंत्री के साथ नजर आए और तिरंगा यात्रा से जुड़े कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान एक दिलचस्प स्थिति भी देखने को मिली. मंत्री दिलीप जायसवाल और मंत्री मिथिलेश तिवारी कार्यक्रम स्थल पर देर से पहुंचे. सुरक्षा व्यवस्था के कारण दोनों नेताओं को कुछ समय तक गेट पर ही इंतजार करना पड़ा. इसके बाद उन्हें कार्यक्रम स्थल के अंदर प्रवेश मिला. कुल मिलाकर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत निकली यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली. वहीं, मुख्यमंत्री के साथ कौन-कौन से नेता मौजूद रहे और कौन नहीं पहुंचे, इसे लेकर भी कार्यक्रम स्थल पर लोगों की नजर बनी रही.

 

TagsBihar