पटना (PATNA): बिहार में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने भी हाथ बढ़ाया है. रविवार को पटना स्थित लोक सेवक आवास में HAM के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की. इस दौरान पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में 11 लाख रुपये की सहयोग राशि का चेक और पत्र सौंपा गया. साथ ही पार्टी के सभी सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों ने भी एक-एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का निर्णय लिया. मुख्यमंत्री ने इस सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि राहत कोष की राशि आपदा के समय जरूरतमंदों की सहायता में काम आएगी. इस दौरान HAM के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार और पार्टी के विधायक भी मौजूद रहे. संतोष सुमन ने पार्टी के सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों का एक-एक महीने का वेतन भी राहत कोष में देने की घोषणा की है.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सहयोग के लिए आभार जताते हुए राज्य के सक्षम और आर्थिक रूप से संपन्न लोगों से भी मुख्यमंत्री राहत कोष में योगदान देने की अपील की है. इससे पहले पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र ने भी अपना एक महीने का वेतन राहत कोष में दिया था. वहीं, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा ने अपने साथ पार्टी के चार विधायकों और एक विधान पार्षद का एक-एक महीने का वेतन देने की घोषणा की है. जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने भी पार्टी के सभी विधायकों और विधान पार्षदों की ओर से एक महीने का वेतन राहत कोष में देने की बात कही है.
बता दें, राज्य सरकार भी बाढ़ प्रभावित परिवारों को सीधे आर्थिक सहायता दे रही है. 15 सितंबर को मुख्यमंत्री ने 8 लाख 27 हजार 472 प्रभावित परिवारों के बैंक खातों में प्रति परिवार 7 हजार रुपये की दर से कुल 579.23 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि DBT के जरिए भेजने की शुरुआत की थी. इसके अलावा बिहार भाजपा ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 लाख रुपये दिए हैं और पार्टी के सांसदों, विधायकों व विधान पार्षदों के एक महीने का वेतन देने की घोषणा की है.
