Bihar

पटनावासियों के लिए खुशखबरी! 2 जुलाई से मलाहीपकड़ी तक दौड़ेगी पटना मेट्रो, मुख्यमंत्री ने किया ऐलान

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
पटनावासियों के लिए खुशखबरी! 2 जुलाई से मलाहीपकड़ी तक दौड़ेगी पटना मेट्रो, मुख्यमंत्री ने किया ऐलान

पटना (PATNA):बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना मेट्रो परियोजना को लेकर बड़ा ऐलान किया है.उन्होंने कहा कि 2 जुलाई 2026 को पटना मेट्रो का विस्तार मलाहीपकड़ी तक जनता को समर्पित किया जाएगा.इसके साथ ही अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और तय समयसीमा के भीतर सभी काम पूरे करने के निर्देश दिए गए.सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के हर चरण की स्पष्ट कार्ययोजना बनाई जाए और निर्माण कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए. उन्होंने दो टूक कहा कि गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा. साथ ही जहां-जहां काम चल रहा है, वहां समानांतर रूप से निर्माण कार्य तेज करने को कहा, ताकि परियोजना समय पर पूरी हो सके.

ट्रैफिक व्यवस्था पर भी चर्चा

बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो. इसके लिए प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार किया जाए. उन्होंने पूरे पटना की यातायात व्यवस्था का अध्ययन कर जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए व्यापक योजना बनाने और निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को भी कहा.इस दौरान अधिकारियों ने न्यू आईएसबीटी से आकाशवाणी तक प्रस्तावित कॉरिडोर-1 और न्यू आईएसबीटी से मीठापुर (जगनपुरा होते हुए) तक चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी.मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेट्रो शुरू होने के बाद राजधानीवासियों को सुरक्षित, तेज और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी. इससे सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, प्रदूषण घटेगा और लोगों का सफर पहले से ज्यादा आसान होगा.

इस परियोजना को समय पर पूरा करना जरूरी

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने पटना के प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप के मास्टर प्लान को भी तय समयसीमा के भीतर तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि राजधानी के सुनियोजित विस्तार और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इस परियोजना को समय पर पूरा करना जरूरी है.

TagsBihar