शेखपुरा(SHEIKHPURA):आजकल बिना स्मार्टफोन और नेट के किसी का भी एक मिनट रहना मुश्किल हो गया है.लोग 2 मिनट के लिए भी फ्री होते हैं तो अपना फोन खोलकर रील स्क्रॉल करने लगते है. कोई यूट्यूब देखता है तो कोई सोशल मीडिया चलाता है. लेकिन जिनके पास अपना फोन नहीं होता है, वह दूसरे से मांग कर काम चलाते है.कभी-कभी कोई फोन न दे तो लोगों को इतना ज्यादा गुस्सा आ सकता है.इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि कोई किसी की हत्या भी कर सकता है.
पूरा मामला क्या है, पढ़िये
दरअसल, बिहार के शेखपुरा से एक ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां यूट्यूब देखने के लिए मोबाइल न देने पर खलासी ने ट्रक चालक की हत्या कर दी. यह सनसनीखेज खुलासा शेखपुरा शहर के बाईपास रोड में ट्रक चालक की हत्या के मामले में सामने आया है.आरोपी के रूप में गिरफ्तार ट्रक के खलासी ने पुलिस के समक्ष यह बातें स्वीकार की है. इस संबंध में एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बातें कही है. एसडीपीओ ने कहा कि 6 अगस्त को खलासी पहली बार इस चालक के साथ ट्रक पर काम करने के लिए साथ आया था. मोबाइल देखने की लत के कारण वह चालक से मोबाइल की मांग करता था.मोबाइल मांगने पर ट्रक चालक ने सार्वजनिक रूप से फटकार लगाते हुए अपशब्द कहे.
सब्जी काटने वाले चाकू से रेत दिया गला
इसी प्रतिशोध में 7 अगस्त की रात उसने शेखपुरा में चीनी लदे ट्रक के चालक की सोए हुए अवस्था में ट्रक में सब्जी काटने वाली चाकू से गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी और वहां से वह फरार हो गया था.मृतक की पहचान लालदीप शाह के रूप में की गई थी, जो पूर्वी चंपारण के पिपराकोठी के बथना गांव का रहने वाला था. वहीं, हत्या का आरोपी नीतीश कुमार पश्चिम चंपारण के बेतिया के डुमरी गांव का निवासी है.
