☰
Bihar

लोगों से घर जा कर पूछें योजनाओं का मिल रहा लाभ या नहीं, सीएम सम्राट ने कहा PM के नेतृत्व में देश बढ़ रहा आगे

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के अटल सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा दूत एवं विधानसभा समन्वय प्रशिक्षण कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नेतृत्व में देश को विकास और सुशासन की नई दिशा दी है. उनके नेतृत्व में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। बिहार में भी एनडीए सरकार विकास के कार्यों को गति प्रदान कर राज्य को आगे बढ़ा रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना देखा है. हम सभी ने वर्ष 2037 तक बिहार को समृद्ध बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है. भारतीय जनता पार्टी संघर्ष और जनसेवा के मार्ग पर चलते हुए आज इस मुकाम तक पहुँची है. पार्टी ने अपनी विचारधारा के अनुरूप अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनमें धारा 370 की समाप्ति तथा अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण प्रमुख है. मुख्यमंत्री ने कहा कि 'सेवा संकल्प एवं कायाकल्प' अभियान के तहत राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में आवास निर्माण, जीर्णोद्धार तथा अन्य बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए कार्य किया जा रहा है. इस दिशा में लगभग 22 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिहार में 65 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 43 लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराया जा चुका है, शेष पर कार्य जारी है. राज्य में प्रत्येक घर में शौचालय का निर्माण कराया गया है.

सीएम सम्राट ने कहा कि बिहार में 1 करोड़ 92 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली मुफ्त दी जा रही है. इस पर राज्य सरकार लगभग 23 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी खर्च कर रही है. वहीं, 1 करोड़ 9 लाख लोगों को प्रत्येक महीने की 10 तारीख को वृद्धावस्था, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन के रूप में 1,100 रुपये की राशि उनके खाते में उपलब्ध कराई जा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास को भी गति दी जा रही है. बक्सर में कोका कोला बॉटलिंग प्लांट तथा सीमेंट फैक्ट्री स्थापित की गई है. नवादा, बांका, किशनगंज, मधुबनी और मुजफ्फरपुर में भी सीमेंट फैक्ट्री स्थापित करने की दिशा में कार्य चल रहा है. वर्तमान में राज्य में लगभग 10 हजार मेगावाट बिजली की खपत हो रही है. वर्ष 2030 तक 30 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे उद्योगों को भी पर्याप्त ऊर्जा उपलब्ध होगी.

सीएम सम्राट ने कहा कि 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक सेवा दूत अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान सभी सेवा दूत घर-घर जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे. वे लोगों से संवाद करेंगे, योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं, इसकी जानकारी प्राप्त करेंगे तथा जनता की समस्याओं और सुझावों को सरकार तक पहुँचाएंगे. 25 दिसंबर को श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई जाती है. इस अभियान के माध्यम से सरकार के कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुँचाई जाएगी और जनता का विश्वास मजबूत किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा चलायी गयी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाना है. उनसे संवाद करना है और यह भी पता करना है कि सभी लोगों को सभी योजनाओं का लाभ ठीक ढंग से मिल रहा है या नहीं. सरकार द्वारा किये गये कार्यों को लोगों को बतायें और उनका विश्वास जीतें. उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलकर पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिये काम करें. समाज के सभी वर्गों को जोड़ें. पार्टी को मजबूत कर सभी लोगों के लिये सुलभ बनाना है. लोगों के बीच जाकर उनकी समस्यायें जानें और हम सभी को अवगत करायें ताकि उसका समाधान हो सके. सरकार के कार्यों का फीडबैक जनता से लें। आज से कार्यशाला शुरू हुआ है, आपके बीच आकर मुझे खुशी हो रही है। आप सभी को हमारी शुभकामनायें हैं.