Bihar

मगध महिला कॉलेज में बनेगा G+6 साइंस ब्लॉक और ऑडिटोरियम, CM सम्राट चौधरी ने किया भूमि पूजन

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

पटना(PATNA):बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पटना स्थित मगध महिला महाविद्यालय परिसर में जी+6 साइंस ब्लॉक और ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने कॉलेज की छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनकी पढ़ाई, सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली.मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य बेटियों को सिर्फ शिक्षा देना नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर अवसर देकर आत्मनिर्भर और रोजगार देने वाला बनाना है.उन्होंने कहा कि महिलाओं की उन्नति से ही बिहार की प्रगति संभव है. इसलिए सरकार महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दे रही है.सम्राट चौधरी ने कहा कि मगध महिला महाविद्यालय में बनने वाला नया साइंस ब्लॉक छात्राओं को विज्ञान की पढ़ाई के लिए आधुनिक सुविधाएं देगा. इससे छात्राओं को उच्च शिक्षा और शोध के साथ रोजगार के बेहतर अवसर हासिल करने में मदद मिलेगी.

समस्याएं और सुझाव सरकार तक पहुंचाएं-CM

छात्राओं से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वे बिना झिझक अपनी समस्याएं और सुझाव सरकार तक पहुंचाएं. उन्होंने कहा कि सरकार यह जानना चाहती है कि कॉलेज में छात्राओं को किन सुविधाओं की जरूरत है और संस्थान को और बेहतर कैसे बनाया जा सकता है.मुख्यमंत्री ने शोधार्थी छात्राओं से कहा कि ज्यादा से ज्यादा बेटियां उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे आएं, इसके लिए मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना शुरू की गई है. उन्होंने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का भी जिक्र करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा हासिल करने वाले बिहार के विद्यार्थियों को सरकार आर्थिक मदद दे रही है.उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा पर भी सरकार का विशेष ध्यान है.शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई के समय पुलिस दीदी की तैनाती की गई है, ताकि छात्राएं सुरक्षित माहौल में पढ़ाई कर सकें.सम्राट चौधरी ने छात्राओं से पढ़ाई के साथ खेल-कूद, जिम और दूसरी गतिविधियों में भी हिस्सा लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि बिहार की बेटियां स्किल्ड, आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर बनें. उनका लक्ष्य है कि बेटियां केवल नौकरी पाने वाली न रहें, बल्कि भविष्य में दूसरों को रोजगार देने वाली भी बनें.

समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की सुविधा दी गई है. छात्राएं अपनी समस्या और सुझाव ऑनलाइन दर्ज करा सकती हैं और सरकार का प्रयास है कि समस्याओं का समाधान 30 दिनों के भीतर किया जाए.कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘स्वर’ पत्रिका का विमोचन किया.एनसीसी की छात्राओं ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया.मुख्यमंत्री ने महिला छात्रावास का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्राओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए.इस दौरान शोधार्थी छात्राओं ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र भेंट किया और मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना के लिए आभार जताया. मगध महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र भी बांधा.

मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम से सरकार की सोच साफ नजर आती है कि बिहार में महिलाओं को शिक्षा और सुरक्षित माहौल देने के साथ उन्हें उच्च शिक्षा, स्किल और रोजगार के जरिए आत्मनिर्भर बनाया जाए.सरकार का मानना है कि जब बेटियां शिक्षित और सक्षम होंगी, तभी बिहार विकास की रफ्तार को और तेज कर सकेगा.

TagsBihar