☰
Bihar

बिहार में फुल फील्ड डे ड्राइव, 47 हजार से ज्यादा वाहनों की हुई जांच, 750 लोग गिरफ्तार

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अवैध शराब व मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाया. गृह विभाग के प्रधान सचिव के निर्देश पर बिहार पुलिस, रेल पुलिस और मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने संयुक्त रूप से यह फुल फील्ड डे ड्राइव चलाया. जिलों में एसपी और एसडीपीओ के नेतृत्व में रात 9 बजे से 10 बजे तक विशेष गश्त और जांच की गई. पटना, नालंदा, गया, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद, रोहतास, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, मोतिहारी, बेतिया, सारण, सीवान समेत कई जिलों में वाहन जांच, गिरफ्तारी, वारंट निष्पादन और शराब-मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की गई.

जिला पुलिस की कार्रवाई के दौरान 47,718 वाहनों की जांच की गई. इनमें 3,660 वाहनों से कुल 56 लाख 54 रुपये की शमन राशि वसूली गई, जबकि 110 वाहन जब्त किए गए. अभियान में 736 अभियुक्तों और 116 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया. शराब के नशे में पाए गए 29 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने 1,169.63 लीटर देशी शराब, 3,482.482 लीटर विदेशी शराब, 216 ग्राम स्मैक, 3.17 ग्राम हेरोइन और 3.37 किलोग्राम गांजा बरामद किया. इसके अलावा 4 हथियार, एक कारतूस, 54 मोबाइल फोन और 9.31 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए.

रेल पुलिस ने 240 वाहनों की जांच कर 9 अभियुक्तों और एक वारंटी को गिरफ्तार किया. यहां से 55.3 लीटर देशी शराब, 205.13 लीटर विदेशी शराब, 6 मोबाइल और 2 चाकू बरामद हुए. वहीं पटना में मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने 131 दुकानों की जांच की. गांधी मैदान क्षेत्र से शराब, वाहन, 50 एटीएम पासबुक व चेकबुक और मोबाइल बरामद किए गए, जबकि कोतवाली से 280 ग्राम गांजा तथा शास्त्रीनगर से गांजा और अन्य सामग्री जब्त की गई. इन कार्रवाइयों में 4 गिरफ्तारियां हुईं. जब्त 50 एटीएम की साइबर इकाई से जांच कराने का निर्देश दिया गया है. गृह विभाग ने सभी संबंधित इकाइयों को ऐसे अभियान जारी रखने और अवैध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

TagsBihar