Bihar

राजधानी पटना में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का सरकारी आवास खाली, इन्वेंटरी बनाने में जुटा विभाग

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू हो गई है. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को खाली किए जाने के बाद अब भवन निर्माण विभाग उसे आधिकारिक तौर पर अपने कब्जे में लेने की तैयारी में जुट गया है. विभाग की टीम ने आवास पहुंचकर निरीक्षण शुरू कर दिया है और सरकारी सामानों की इन्वेंटरी तैयार की जा रही है. सूची पूरी होने के बाद आवास को औपचारिक रूप से भवन निर्माण विभाग के हैंडओवर कर दिया जाएगा.

विभाग की ओर से इन्वेंटरी तैयार की जा रही है

निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों ने आवास के सभी कमरों और परिसर का जायजा लिया. इस दौरान राबड़ी देवी के आप्त सचिव भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने सरकारी सामानों का मिलान शुरू किया और आवास में मौजूद सभी वस्तुओं की सूची तैयार करने का काम किया. विभाग की ओर से इन्वेंटरी तैयार की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार सभी सामान सही स्थिति में मौजूद हैं.

भवन निर्माण विभाग अपने कब्जे में ले लेगा

भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राबड़ी देवी ने गुरुवार को ही सरकारी आवास खाली कर दिया था. इसके बाद विभाग की टीम को निरीक्षण और हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी करने के लिए भेजा गया है. अधिकारियों का कहना है कि सूची तैयार होने के बाद आवास को औपचारिक रूप से भवन निर्माण विभाग अपने कब्जे में ले लेगा.

कौटिल्य नगर स्थित नए बंगले में शिफ्ट हो चुके हैं

इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी कौटिल्य नगर स्थित नए बंगले में शिफ्ट हो चुके हैं. उनके नए आवास में जाने के बाद 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को खाली कर दिया गया है.

आधिकारिक रूप से अपने हैंडओवर में ले लेगा

भवन निर्माण विभाग के अधिकारी कृष्ण प्रसाद ने बताया कि विभाग की टीम आवास का निरीक्षण कर रही है और सरकारी सामानों की इन्वेंटरी तैयार की जा रही है. उन्होंने कहा कि आवास पूरी तरह खाली हो चुका है. सभी सामानों की सूची तैयार होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत इस सरकारी आवास को भवन निर्माण विभाग आधिकारिक रूप से अपने हैंडओवर में ले लेगा.

फिलहाल विभाग की टीम आवास के हर हिस्से का निरीक्षण कर रही है और सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं. इन्वेंटरी का काम पूरा होने के बाद हैंडओवर की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी.

 

TagsBihar