पटना: बिहार में इन दिनों पर्व और त्यौहार का समय देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार सतर्क है और खाद्य संस्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर राजधानी पटना में लगातार होटल और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया जा रहा है. खाद्य संरक्षा आयोग के निरीक्षण में राजधानी में स्थित बड़े बड़े होटल और रेस्टोरेंट में भी कई कमियां पाई गई है. जिसके बाद उचित कार्रवाई की गई है. इसी क्रम में शनिवार को पटना में विभिन्न जगह पर स्थित मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट और डोमिनोज का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, भंडारण व्यवस्था, कीट नियंत्रण और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई. डोमिनोज़ में करीब 160 खराब पिज्जा स्क्रीन पाए गए, जिन्हें मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए मौके पर ही नष्ट करा दिया गया. वहीं, दोनों प्रतिष्ठानों में पाई गई कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए.
मैकडॉनल्ड्स में स्वच्छता संबंधी कमियों पर सुधार नोटिस
पटना के ईस्ट गांधी मैदान स्थित मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट के निरीक्षण के दौरान भंडार गृह की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई साथ ही कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र उपलब्ध मिले. हालांकि, निरीक्षण में कचरे का डिब्बा खुला पाया गया और मुख्य दरवाजे पर कीट नियंत्रण के लिए एंटीसेप्टिक डोरमैट नहीं था. इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक मेनू कार्ड में खाद्य पदार्थों से संबंधित एलर्जी की चेतावनी भी उपलब्ध नहीं थी. अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालक को सात दिनों के भीतर स्वच्छता संबंधी कमियों को दूर करने, कचरे के डिब्बे को ढककर रखने और कीट नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया. निरीक्षण के दौरान मस्टर्ड सॉस का एक नमूना भी संग्रहित किया गया.
डोमिनोज़ में लगभग 32,000 रुपये कीमत की 160 खराब पिज्जा स्क्रीन नष्ट, 14 दिनों का सुधार नोटिस
पटना के एम्बिशन ओझा प्लाजा, कदमकुआं और लोहिया नगर, कंकड़बाग स्थित डोमिनोज़ के निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज सिस्टम, कटिंग बोर्ड और शेल्फ की साफ-सफाई में कमियां पाई गईं. डीप फ्रीजर में तापमान की निगरानी से संबंधित लॉग बुक के साथ स्टोर में कच्चे माल का रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं था. निरीक्षण के दौरान लोहिया नगर, कंकड़बाग स्थित डोमिनोज़ में करीब 110 खराब पिज्जा स्क्रीन पाए गए, जबकि एम्बिशन ओझा प्लाजा, कदमकुआं स्थित डोमिनोज़ में करीब 50 खराब पिज्जा स्क्रीन पाए गए जिन्हें खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 38(4) के तहत मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए मौके पर ही नष्ट करा दिया गया. इसके अलावा, दोनों प्रतिष्ठान में वेज एवं नॉन वेज को अलग अलग रखने का भी निर्देश दिया गया. साथ ही पानी जमा होने, ग्राहकों के उपयोग के लिए रखी सॉस की बोतलों की समुचित सफाई नहीं होने तथा कीट नियंत्रण रिपोर्ट में निर्धारित तिथि का उल्लेख नहीं होने जैसी कमियां भी सामने आईं.
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालक को ड्रेनेज सिस्टम में सुधार करने, मेनू कार्ड पर एलर्जी संबंधी चेतावनी प्रदर्शित करने और तापमान लॉग बुक, कच्चे माल के रिकॉर्ड और कीट नियंत्रण रिपोर्ट को नियमित रूप से संधारित करने का निर्देश दिया. साथ ही, कमियों को दूर करने के लिए 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया है. निर्धारित अवधि के बाद सुधार संबंधी अनुपालन का प्रमाण कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा गया है. निर्देशों का पालन नहीं करने की स्थिति में प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित या रद्द किए जाने की कार्रवाई की जा सकती है.
खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर जोर
स्वास्थ्य विभाग द्वारा खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया जा रहा है कि वे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और कीट नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें. कच्चे एवं पके हुए खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने, तापमान की नियमित निगरानी करने तथा खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से संभालने पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है. आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण जारी रहेगा और मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.