Bihar

सम्राट चौधरी का बड़ा संदेश, कहा- AI और कंप्यूटर नहीं आता तो विधायक अपने PA और स्टाफ को हटा दें

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधायकों के पर्सनल असिस्टेंट और स्टाफ को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसी विधायक का पर्सनल असिस्टेंट या स्टाफ कंप्यूटर और आधुनिक तकनीक की जानकारी नहीं रखता है तो ऐसे लोगों को हटाने में किसी तरह का संकोच नहीं करना चाहिए.

नई तकनीक की पूरी जानकारी होनी चाहिए

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दौर पूरी तरह से कंप्यूटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है. ऐसे समय में जनप्रतिनिधियों के साथ काम करने वाले कर्मचारियों को भी नई तकनीक की पूरी जानकारी होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर विधायक से अधिक जानकारी उनके पर्सनल असिस्टेंट के पास नहीं है और वे कंप्यूटर या डिजिटल सिस्टम का सही इस्तेमाल नहीं जानते हैं तो वे अपनी जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से नहीं निभा पाएंगे.

समय के साथ खुद को अपडेट करना होगा

सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है. ऐसे में सभी कर्मचारियों को समय के साथ खुद को अपडेट करना होगा. उन्होंने यह भी कहा कि तकनीक का सही उपयोग करने से जनता के काम तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जा सकते हैं.

हटाने में कोई हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने स्टाफ की कार्यक्षमता पर ध्यान दें. यदि कोई कर्मचारी कंप्यूटर, डिजिटल सिस्टम या AI जैसी नई तकनीकों की जानकारी नहीं रखता है और सीखने की कोशिश भी नहीं करता तो उसे हटाने में कोई हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए.

तकनीक का ज्ञान हर कर्मचारी के लिए जरूरी

मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब सरकार विभिन्न विभागों में डिजिटल व्यवस्था और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को बढ़ावा दे रही है. माना जा रहा है कि उनके इस बयान का उद्देश्य सरकारी कामकाज को अधिक आधुनिक, तेज और प्रभावी बनाना है. उन्होंने साफ संदेश दिया कि बदलते समय के साथ तकनीक का ज्ञान अब हर कर्मचारी के लिए जरूरी हो गया है.

 

TagsBihar