☰
Bihar

पटना में ताबड़तोड़ फायरिंग! गैराज मालिक की इलाज के दौरान मौत

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार की राजधानी पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना सामने आई है. भूपतिपुर इलाके में अपराधियों ने गैराज मालिक अंजनी नंदन को गोली मार दी थी. गंभीर रूप से घायल अंजनी नंदन को तत्काल इलाज के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने देर शाम अंजनी नंदन पर चार गोलियां चलाई थीं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर रामकृष्ण नगर थाना की पुलिस पहुंची.

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद रामकृष्ण नगर थाना की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल की पहचान अंजनी नंदन, पिता गन्नौनी सिंह के रूप में की. पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की, लेकिन गंभीर हालत के चलते उनकी जान नहीं बच सकी. अंजनी नंदन रामकृष्ण नगर इलाके में नंदन ऑटोमोबाइल्स नाम से वर्कशॉप चलाते थे. घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है. एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाकर जरूरी साक्ष्य भी जुटाए गए हैं.

पुलिस घटना के पीछे की वजह और अपराधियों की पहचान का पता लगाने में जुटी है. परिजनों से पूछताछ की जा रही है और गोलीबारी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द उद्भेदन करने और घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. फिलहाल घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है.

TagsBihar