Bihar

बिहार विधानसभा का आज अंतिम दिन: प्रश्नकाल से शुरुआत, सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
बिहार विधानसभा का आज अंतिम दिन: प्रश्नकाल से शुरुआत, सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष

पटना (PATNA) : बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का आज अंतिम और महत्वपूर्ण दिन है. सत्र के आखिरी दिन सदन के भीतर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के आसार हैं. एक ओर सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी वहीं दूसरी ओर विपक्ष नीट समेत कई जनहित के मुद्दों को लेकर विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन करेगा और सदन के भीतर भी सरकार को घेरने की रणनीति पर काम करेगा.

जनहित से जुड़े अनेक मुद्दे उठाए जाएंगे

कार्यवाही के प्रथम हाफ में प्रश्नकाल आयोजित होगा. इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल सदस्यों द्वारा पूछे जाएंगे, जिनका जवाब संबंधित विभागों के मंत्री देंगे. इसके बाद शून्यकाल और ध्यानाकर्षण के माध्यम से भी जनहित से जुड़े अनेक मुद्दे उठाए जाएंगे. विपक्ष इन मंचों का उपयोग कर राज्य सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है.

सदन के हंगामेदार रहने की संभावना

विपक्ष का आरोप है कि नीट परीक्षा से जुड़े छात्रों के मुद्दे, शिक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और अन्य जनसरोकार के विषयों पर सरकार गंभीर नहीं है. इसी को लेकर विपक्षी दल विधानसभा परिसर के बाहर विरोध-प्रदर्शन करेंगे और सदन के भीतर भी सरकार को घेरने का प्रयास करेंगे. ऐसे में अंतिम दिन भी सदन के हंगामेदार रहने की संभावना जताई जा रही है.

विधानसभा की कार्यवाही के दूसरे हाफ में राजकीय एवं विधायी कार्य लिए जाएंगे. इसके बाद सदस्यों द्वारा प्रस्तुत गैर सरकारी संकल्पों पर चर्चा होगी. इन संकल्पों के जरिए विधायक विभिन्न जनहित के मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे और अपने सुझाव सदन के समक्ष रखेंगे.

आज मानसून सत्र का समापन होगा

मानसून सत्र के अंतिम दिन निर्धारित कार्यवाही पूरी होने के बाद बिहार विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी जाएगी. इस तरह कई महत्वपूर्ण मुद्दों, सवाल-जवाब, ध्यानाकर्षण, गैर सरकारी संकल्पों और संभावित राजनीतिक टकराव के बीच आज मानसून सत्र का समापन होगा. सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विपक्ष अपने मुद्दों को कितनी मजबूती से उठाता है और सरकार उनका किस तरह जवाब देती है.