टीएनपी डेस्क : बिहार में आम लड़कियाँ तो छोड़िये महिला पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं है. हाल के दिनों में बिहार में महिलाओं और लड़कियों से मनचलों की छेड़खानी के कई मामले सामने आ रहे है और बार बार ख़ुद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भरे मंच से अपराधियों और मनचलों को चेता रहे है लेकिन अब राजधानी पटना में ख़ुद महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े हो रहे है कि आखिर ख़ुद जिनको महिलाओं की सुरक्षा के लिए लगाया गया है अब वो महिला कांस्टेबल ही ख़ुद सुरक्षित नहीं है
पूरा मामला राजधानी के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र का है जहाँ 30 सितंबर की देर शाम पेट्रोलिंग कर रही बिहार पुलिस की महिला कांस्टेबल के साथ बदसलूकी और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.बताया जा रहा है कि महिला कांस्टेबल अन्य पुलिसकर्मियों के साथ स्कूटी से इलाके में गश्त कर रही थीं. इसी दौरान कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. मामला बढ़ने के बाद महिला कांस्टेबल और युवकों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।. वायरल CCTV फुटेज में मारपीट की घटना कैद दिखाई दे रही है.
जानकारी के मुताबिक, पहले महिला कांस्टेबल ने एक युवक को थप्पड़ मारा, जिसके बाद युवक ने भी वर्दी पहनी महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की. घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. मामले को लेकर पटना के SSP कार्तिकेय शर्मा ने जांच के आदेश दिए हैं. SSP ने घटना की पूरी जांच की जिम्मेदारी SP ईस्ट को सौंपी है. वायरल वीडियो और घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है.
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब बिहार में महिलाओं और युवतियों से छेड़खानी करने वाले मनचलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात लगातार कही जा रही है. ऐसे में ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी के साथ हुई इस घटना ने राजधानी में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और मनचलों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर घटना के पूरे कारण और दोनों पक्षों की भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा.
