☰
Bihar

बिहार में खुशहाल होंगे किसान,योजना,तकनीक और वैज्ञानिक खेती की मिलेगी जानकारी,सीएम ने जागरूकता रथ किया रवाना  

Samir Hussain
Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर

पटना: बिहार में किसानों को समृद्ध और खुशहाल बनाने के लिए सरकार कई कार्यक्रम चला रही है. सही समय पर सही खेती की जानकारी साझा की जा रही है. जिससे ज्यादा पैदावार हो और किसानों की आय में मुनाफा हो सके. इसी कड़ी में अब रबी फसल को लेकर राज्य सरकार ने महा अभियान की शुरुआत की है. इसी कड़ी गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रचार वाहन को रवाना किया है. सीएम के साथ उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा मौजूद रहे.         

इस अभियान के जरिए किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक खेती के तरीकों की जानकारी दी जाएगी. वीडियो के जरिए उन्हे जागरूक किया जाएगा. ताकि वासंतिक (रबी) मौसम में विभिन्न फसलों के उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि की जा सके.

सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित होंगी कृषि जन कल्याण चौपाल

वासंतिक रबी महा अभियान के तहत राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में कृषि जन कल्याण चौपाल-सह-खेत बचाओ अभियान का आयोजन किया जाएगा.  इन चौपालों के माध्यम से किसानों को खेती से जुड़ी आधुनिक तकनीकों, फसल प्रबंधन और कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी.  कृषि विशेषज्ञ किसानों को बेहतर उत्पादन हासिल करने के लिए वैज्ञानिक तरीके अपनाने के बारे में भी बताएंगे.

मिट्टी की जांच से लेकर जैविक खेती तक पर रहेगा जोर

अभियान के दौरान मिट्टी की जांच के आधार पर संतुलित मात्रा में उर्वरकों के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जाएगा.  इसके साथ ही फसल अवशेष प्रबंधन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती और फसल विविधीकरण के महत्व के बारे में किसानों को जागरूक किया जाएगा.

किसानों को समय पर बुवाई, बीजोपचार, जलवायु अनुकूल कृषि तथा रबी फसलों में लगने वाले रोगों और कीट-व्याधियों के प्रभावी प्रबंधन की तकनीकी जानकारी भी दी जाएगी.  इसके अलावा ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी सूक्ष्म सिंचाई पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे पानी का बेहतर उपयोग हो सके.

बिहार कृषि ऐप और डिजिटल सुविधाओं की भी मिलेगी जानकारी

अभियान के तहत किसानों को बिहार कृषि ऐप के बारे में जानकारी देकर इसे डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा.  साथ ही फार्मर रजिस्ट्री, डिजिटल क्रॉप सर्वे और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी.

किसानों को चतुर्थ कृषि रोड मैप के विभिन्न आयामों से भी अवगत कराया जाएगा.  सरकार का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का विस्तार करना, किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाना और वैज्ञानिक पद्धतियों के माध्यम से खेती को अधिक उत्पादक बनाना है.

वासंतिक रबी महा अभियान 2026 के जरिए राज्यभर में किसानों तक कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी पहुंचाने और उन्हें आधुनिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

TagsBihar