Bihar

RJD स्थापना दिवस से पहले जश्न शुरू, पटना में जुटे हजारों कार्यकर्ता

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
RJD स्थापना दिवस से पहले जश्न शुरू, पटना में जुटे हजारों कार्यकर्ता

पटना (PATNA) : राष्ट्रीय जनता दल का आधिकारिक स्थापना दिवस 5 जुलाई को है, लेकिन पार्टी ने इसका जश्न पहले ही शुरू कर दिया है. पटना स्थित RJD प्रदेश कार्यालय में सुबह से ही कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट रही है. ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच उत्सव का माहौल बना हुआ है. दोपहर में लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के कार्यक्रम में शामिल होने और कार्यकर्ताओं को संबोधित करने की संभावना है.

कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह

पार्टी कार्यालय को रंग-बिरंगे बैनरों, झंडों और पोस्टरों से सजाया गया है. ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक कार्यालय पहुंच रहे हैं. कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. कई कार्यकर्ता पार्टी के झंडे और नेताओं की तस्वीरें लेकर नारेबाजी भी कर रहे हैं.

प्रदेश कार्यालय पहुंचने की संभावना

जानकारी के अनुसार, करीब दोपहर 12 बजे पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के प्रदेश कार्यालय पहुंचने की संभावना है. दोनों नेता स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित भी कर सकते हैं. उनके संबोधन में आगामी चुनाव, संगठन की मजबूती और पार्टी की भविष्य की रणनीति पर चर्चा होने की उम्मीद है.

आसपास के इलाकों में आवश्यक इंतजाम

प्रदेश कार्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं के आने का सिलसिला लगातार जारी है. राज्य के विभिन्न जिलों से भी पार्टी पदाधिकारी और समर्थक पटना पहुंच रहे हैं. सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में आवश्यक इंतजाम किए गए हैं.

हर वर्ष उत्साह के साथ मनाया जाता है

RJD के स्थापना दिवस को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खास उत्साह है. कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह दिन पार्टी के इतिहास और संघर्ष की याद दिलाता है. इसी वजह से हर साल स्थापना दिवस को पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया जाता है.

आगमन पर टिकी हैं सबकी नजरें

फिलहाल सभी की नजरें लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के आगमन पर टिकी हैं. उनके संबोधन का कार्यकर्ताओं को बेसब्री से इंतजार है. माना जा रहा है कि दोनों नेता अपने भाषण के जरिए कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने के साथ-साथ आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश देंगे.