☰
ELECTION

MLC चुनाव से पहले भाजपा का दावा,सभी आठ सीट पर एनडीए की होगी जीत

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान होना है. मतदान से ठीक एक दिन पहले भाजपा ने सभी सीटों पर अपनी जीत का दावा किया है. गुरुवार को राजधानी पटना में मीडिया से बात करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने एनडीए में मतभेद की बातों से इनकार करते हुए कहा कि हम सभी दल और नेता एकजुट हैं. सभी 8 सीटों पर जीत दर्ज करने जा रहे हैं. इस दौरान संजय सरावगी ने विपक्ष पर तंज कसा और कहा कि वह लोग धन बल का भी प्रयोग करने की कोशिश कर रहे हैं.

शिक्षक और स्नातक के लिए सरकार कर रही लगातार काम

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि इस चुनाव में स्नातक और शिक्षक मतदाता अहम भूमिका निभाएंगे. राज्य सरकार ने इन वर्गों के लिए कई काम किए हैं और उनकी समस्याओं को दूर करने की कोशिश की जा रही है. संजय सरावगी ने वित्त रहित शिक्षकों के संस्थानों को दी जा रही राशि का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इन संस्थानों को एक साथ राशि दी जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शिक्षकों के हित में लगातार फैसले ले रहे हैं. बीजेपी अध्यक्ष ने इन्हीं कामों को एनडीए की जीत की उम्मीद से जोड़कर पेश किया.

एनडीए एकजुट, विपक्ष में है मतभेद

पटना स्नातक सीट को लेकर जदयू के नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच नाराजगी की चर्चा पर सरावगी ने कहा कि एनडीए में कोई नाराजगी नहीं है. उन्होंने दावा किया कि मतभेद विपक्षी महागठबंधन में हैं और उसके अलग-अलग दलों ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं. सरावगी ने विपक्ष पर धन के प्रभाव का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि NDA के नेता और उम्मीदवार एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं और गठबंधन सभी आठ सीटों पर जीत हासिल करेगा. दूसरी ओर, अनंत सिंह पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार के खिलाफ लगातार बयान दे रहे हैं. वह कई बार कह चुके हैं कि नीरज कुमार की जमानत जब्त कराकर रहेंगे. अनंत सिंह ने जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज कुमार की जीत का दावा किया है. उन्होंने अब तक अपना समर्थन वापस लेने की बात नहीं कही है. विधान परिषद की आठ सीटों में से चार पर बीजेपी और चार पर जदयू के उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं.

इन सीटों पर मैदान में हैं भाजपा - जदयू के उम्मीदवार

बीजेपी की तरफ से पटना शिक्षक सीट से नवल किशोर यादव, तिरहुत शिक्षक सीट से नरेंद्र सिंह, दरभंगा स्नातक सीट से सर्वेश कुमार और कोसी स्नातक सीट से डॉ एनके यादव को मैदान में हैं जबकि जदयू की तरफ से पटना स्नातक सीट से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक सीट से अभिषेक झा, सारण शिक्षक सीट से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक सीट से घनश्याम राय मैदान में हैं. बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों के लिए शुक्रवार को वोट डाले जाएंगे. चुनाव में स्नातक और शिक्षक मतदाता हिस्सा लेंगे. मतों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी. इसके बाद पता चलेगा कि बीजेपी और जदयू के उम्मीदवारों के साथ-साथ विपक्षी दलों को कितनी सीटें मिलती हैं.

TagsBihar