☰
ELECTION

जदयू के एमएलसी उम्मीदवार की बिगड़ी तबीयत, देर रात मेदांता हॉस्पिटल में हुए भर्ती

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर गहमागहमी के बीच जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार बीती देर रात अस्पताल में भर्ती हुए हैं. बताया जा रहा है कि सोमवार की देर रात हार्ट में हुई परेशानी की वजह से उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हालांकि अभी तक अस्पताल की तरफ से नीरज कुमार की स्थिति को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है. बताया जा रहा है कि उन्हें मेदांता अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है. फिलहाल नीरज कुमार की स्थिति को लेकर अस्पताल की तरफ से अपडेट का इंतजार चल रहा है.

बता दें कि नीरज कुमार पटना स्नातक क्षेत्र से एनडीए की तरफ से जदयू के उम्मीदवार हैं. चुनाव में उनकी पार्टी के ही बाहुबली विधायक अनंत सिंह लगातार विरोध कर रहे हैं और दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग लगातार जारी है. एक तरफ अनंत सिंह विधान सभा चुनाव के दौरान नीरज कुमार पर अपना विरोध किए जाने की बात कहते हुए दूसरे प्रत्याशी का समर्थन कर रहे हैं तो नीरज कुमार अपने आप को जदयू का समर्पित कार्यकर्ता बताते हैं.

बता दें कि पार्टी की तरफ से सभी वरिष्ठ नेता प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे हैं तो मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं और घूम कर वोट भी मांग रहे हैं. विधान परिषद चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है और अब चुनाव परिणाम आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कौन किस पर भारी है.

TagsBihar