पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हो चुका है. सभी सीटों में हॉट सीट पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में राजनीतिक प्रतिद्वंदिता अभी भी खत्म नहीं हुई है. मतदान के बीच भी जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार और मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के बीच ठनी हुई है. बीते दिनों बीमार होने और अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद प्रत्याशी नीरज कुमार मतदान के दिन सुबह सुबह अपने गृह क्षेत्र मोकामा के लिए रवाना हो गए. इस दौरान उन्होंने विक्ट्री साइन दिखाया और अपनी जीत सुनिश्चित बताई.
वहीं दूसरी तरफ जदयू से मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह की जीत का दावा किया. उन्होंने कहा कि एक ऐसा प्रत्याशी जिसने विधानसभा चुनाव के दौरान मेरे विरोध में काम किया इस चुनाव में हम उसे हराएंगे. इस दौरान उन्होंने रसगुल्ला बनाए जाने के सवाल पर कहा कि अलग अलग जगहों पर चुनाव हो रहा है ऐसे में सब जगह पहुँचाना ही बहुत महंगा पड़ जाएगा. अनंत सिंह ने कहा यह रसगुल्ला वाला चुनाव नहीं है.
बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने जदयू के प्रत्याशी का विरोध करने के बावजूद पार्टी के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना गुरु बताया. उन्होंने कहा कि मुझे पार्टी से कोई दिक्कत नहीं है लेकिन अगर कुछ है तो वह नीरज कुमार को हराना है. अनंत सिंह ने जनता को भगवान और मालिक बताते हुए जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में मतदान करने की अपील की.