☰
Bihar

पटना स्नातक सीट पर बढ़ी चुनावी हलचल, अनुज सिंह के समर्थन में अनंत सिंह की जन आशीर्वाद यात्रा

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

TNP DESK : बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं. जदयू ने मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को फिर प्रत्याशी बनाया है, जबकि जन सुराज ने डॉ. अनुज सिंह को समर्थन दिया है. इस बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह ने अनुज सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार तेज करने की तैयारी की है. वे 29 सितंबर को नवादा और नालंदा क्षेत्र में जन आशीर्वाद यात्रा निकालेंगे.

पटना से शुरू होगी यात्रा

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक अनंत सिंह की यात्रा सुबह 10 बजे पटना स्थित उनके आवास से शुरू होगी. इसके बाद उनका काफिला बख्तियारपुर होते हुए हरनौत और बिहारशरीफ पहुंचेगा. यात्रा पावापुरी, घोसरावां, छाछूबिगहा और शाहपुर मोड़ से भी गुजरेगी. इसके बाद काफिला वारिसलीगंज और पकरीबरावां क्षेत्र की ओर बढ़ेगा. धेवधा, डुमरांवां मोड़, चंदन चौक और ओढ़नपुर में जनसंपर्क के बाद अनंत सिंह के दोपहर करीब 2 बजे नवादा पहुंचने का कार्यक्रम है.

नवादा से नालंदा तक जनसंपर्क

नवादा के बाद यात्रा फतेहपुर मोड़, खनवां, हिसुआ और नारदीगंज पहुंचेगी. वहां से राजगीर और सिलाव होते हुए शाम करीब 5 बजे नालंदा मोड़ पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है. इसके बाद अनंत सिंह पटना लौटेंगे.

अनुज सिंह के समर्थन में सक्रिय अनंत सिंह

अनंत सिंह पहले ही डॉ. अनुज सिंह को समर्थन देने की सार्वजनिक घोषणा कर चुके हैं. वहीं जदयू ने नीरज कुमार पर दोबारा भरोसा जताया है. दोनों पक्षों की बढ़ती चुनावी सक्रियता के कारण पटना स्नातक सीट पर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है. बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना प्रस्तावित है. ऐसे में चुनाव से पहले होने वाली अनंत सिंह की यह यात्रा नवादा और नालंदा में जनसंपर्क अभियान को तेज करने वाली गतिविधि के रूप में सामने आई है.

TagsBihar