☰
Bihar

दुर्गा पूजा के दौरान पटना में खूब कटे चालान, एक दिन में 36 लाख का जुर्माना

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: राजधानी पटना में लोगों ने दुर्गा पूजा के अवसर पर खूब मस्ती की तो दूसरी तरफ पटना ट्रैफिक पुलिस ने भी अपनी तिजौरी भरने में कोई कसर नहीं छोड़ी. राजधानी पटना में दुर्गा पूजा के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के विरुद्ध जम कर कार्रवाई की और करीब 36 लाख रुपए से अधिक का चालान काटा. पुलिस ने बिना हेलमेट बाइक चलाने, गलत दिशा में गाड़ी चलाने और ट्रिपल लोडिंग समेत अन्य मामलों में आईसीसीसी के माध्यम से चालान काटा.

बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले पर 21 लाख का जुर्माना

पटना ट्रैफिक पुलिस की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक चालान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के मामले में की गई. इसके साथ ही ट्रिपल लोडिंग, बिना इंश्योरेंस वाहनों पर भी कारवाई की गई. पुलिस ने बिना हेलमेट के 2163 मामले दर्ज किए और 22 लाख 63 हजार रुपए का जुर्माना लगाया. इसके साथ ही ट्रिपल लोडिंग के 179 मामले में भी 1 लाख 79 हजार रुपए का चालान किया. यातायात नियमों के उल्लंघन में तेज गति से वाहन चलाने के 49 मामले दर्ज किए गए. इनके लिए 98 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. वहीं, गलत दिशा में वाहन चलाने के 14 मामलों में 15 हजार रुपये की शमन राशि निर्धारित की गई. रेड लाइट जंप करने के 132 मामलों में 1 लाख 87 हजार रुपये का चालान किया गया.

चारपहिया वाहनों पर भी कार्रवाई

पटना ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी विवरण में बिना वैध इंश्योरेंस वाहन चलाने के 484 मामले दर्ज किए गए. इन मामलों में 9 लाख 68 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. इसके अलावा, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन पर बात करने का एक मामला सामने आया, जिसमें 5 हजार रुपये का चालान किया गया. सीट बेल्ट नहीं लगाने के आठ मामलों में 8 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, 19 अक्टूबर को कुल आठ श्रेणियों में कार्रवाई की गई. इन सभी मामलों को मिलाकर 3,030 उल्लंघन दर्ज किए गए और 36 लाख 23 हजार रुपये की शमन राशि निर्धारित की गई. कार्रवाई में कैमरों से प्राप्त फुटेज और तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया.

TagsBihar