पटना: राजधानी पटना में इन दिनों मेट्रो निर्माण की वजह से कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही में भारी परेशानी का सामना लोगों को करना पड़ रहा है. अब एक ओवरब्रिज पर अचानक वाहनी की आवाजाही रोक दी गई जिसकी वजह से लंबा जाम लग गई. हालांकि ओवरब्रिज से बाइक और ई रिक्शा के साथ ही ऑटो को जाने दिया जा रहा है जबकि अन्य वाहनों के साथ चारपहिया वाहनों पर रोक लगाई गई है. मामले को लेकर लोगों ने पुलिस पर बिना नोटिस आवाजाही रोकने का भी आरोप लगाया है. बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर आगामी 5 नवंबर तक वाहनों की आवाजाही नहीं होगी.
राजधानी पटना के व्यस्ततम सड़कों में से एक राजेन्द्रनगर ओवरब्रिज पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है. ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, निर्माण कार्य के कारण पुल पर सभी प्रकार के बड़े वाहनों और चार पहिया वाहनों का आवागमन सोमवार से रोक दिया गया है. हालांकि, बाइक, ई-रिक्शा और टेंपो के परिचालन पर रोक नहीं लगाई गई है. ओवरब्रिज पर वाहन के परिचालन बंद होने के बाद अब आसपास के कई सड़कों पर जाम लग गई है. वाहन चालक आरएन सिंह मोड़ से मुड़कर राजेंद्र नगर पुल की ओर जा रहे हैं. इससे पुल पर चढ़ने के दौरान जाम की स्थिति बन रही है.
मलाही पकड़ी से राजेंद्र नगर पुल की ओर आने वाले वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई है. भूतनाथ मोड़ से राजेंद्र नगर टर्मिनल की ओर आने वाले वाहनों की लंबी कतार लग रही है. कुछ वाहन कांटी फैक्ट्री रोड से मुन्ना चक होते हुए ओल्ड बाइपास की ओर निकल रहे हैं. इसके बावजूद राजेंद्र नगर पुल के नीचे भी जाम की समस्या बनी हुई है. राजेंद्र नगर पुल से आरएन सिंह मोड़ की ओर आने वाले वाहनों को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया जा रहा है. आरएन सिंह मोड़ पर चिरैयाटांड़ पुल की ओर से आने वाले वाहनों को कंकड़बाग मेन रोड की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है. वाहनों के दबाव के कारण इस इलाके में भी यातायात प्रभावित हो रहा है.
ट्रैफिक पुलिस के जवान वाहनों को आरएन सिंह मोड़ से अंदर की ओर डायवर्ट कर यातायात सामान्य बनाने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आरएन सिंह मोड़ या बहादुरपुर की ओर जाने वाले वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि जाम से बचते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकें.