BIHAR JOB UPDATE: विदेश में नौकरी करने या उच्च शिक्षा हासिल करने की तैयारी कर रहे बिहार के युवाओं के लिए नई सुविधा शुरू की जा रही है. राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान चरणबद्ध तरीके से सभी 38 जिलों में विदेशी भाषा प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की तैयारी में है. इसका उद्देश्य युवाओं को स्थानीय स्तर पर भाषा कौशल देकर अंतरराष्ट्रीय रोजगार और शिक्षा के अवसरों के लिए तैयार करना है.
इन विदेशी भाषाओं की मिलेगी ट्रेनिंग
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अंग्रेजी के साथ जर्मन, जापानी, कोरियाई, फ्रेंच, अरबी, रूसी, चीनी और स्पेनिश जैसी भाषाओं को शामिल करने की योजना है. अलग-अलग देशों में रोजगार की मांग को देखते हुए भाषाओं के प्रशिक्षण का विस्तार किया जाएगा. कक्षाओं का संचालन भाषा विशेषज्ञ ऑनलाइन माध्यम से करेंगे. इसके साथ ही सप्ताह में एक दिन विशेषज्ञ जिला कार्यालय में उपलब्ध रहेंगे, ताकि प्रशिक्षण लेने वाले युवा अपनी समस्याओं और भाषा से जुड़े सवालों का समाधान प्राप्त कर सकें.
कोरियाई भाषा के लिए भी पहल
बिहार कौशल विकास मिशन की ओर से कोरियाई भाषा प्रशिक्षण को लेकर एमओयू किया गया है. अंग्रेजी, जर्मन, जापानी और अरबी भाषा सीखने के लिए 111 अभ्यर्थियों के आवेदन की जानकारी सामने आई है. आगे कोरियाई के साथ फ्रेंच और स्पेनिश भाषा प्रशिक्षण का दायरा भी बढ़ाने की तैयारी है.
विदेश में रोगार पाने में मिलेगी मदद
समस्तीपुर में लगभग 45 हजार बेरोजगार युवाओं का पंजीकरण बताया गया है. वहीं सिंगापुर, जर्मनी और इजरायल समेत विभिन्न देशों से रोजगार के अवसर सामने आने की बात कही गई है. ऐसे में संबंधित देश की भाषा जानने वाले उम्मीदवारों के लिए इंटरव्यू से लेकर कार्यस्थल पर संवाद करना आसान हो सकता है.स्थानीय स्तर पर भाषा प्रशिक्षण मिलने से युवाओं को दूसरे शहरों में जाकर कोर्स करने की जरूरत भी कम होगी.
पर्यटन क्षेत्र में भी खुल सकते हैं अवसर
विदेशी भाषा का प्रशिक्षण केवल विदेश में नौकरी तक सीमित नहीं रहेगा. बिहार आने वाले विदेशी पर्यटकों से संवाद करने, पर्यटन सेवाओं में काम करने और टूर गाइड के रूप में रोजगार तलाशने वाले युवाओं के लिए भी यह कौशल उपयोगी हो सकता है. सरकारी माध्यम से विदेश में रोजगार से जुड़ी प्रक्रिया होने पर अभ्यर्थियों को फर्जी एजेंटों और नौकरी के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से बचाने में भी मदद मिल सकती है.
समस्तीपुर में जिला नियोजन कार्यालय से प्रशिक्षण
समस्तीपुर में जिला नियोजन कार्यालय के माध्यम से विदेशी भाषा प्रशिक्षण शुरू करने और इच्छुक युवाओं से आवेदन लेने की प्रक्रिया रखी गई है. प्रशिक्षण ऑनलाइन माध्यम से दिया जाएगा. जिला नियोजन पदाधिकारी रोहित आनंद के अनुसार, अभ्यर्थियों को विभिन्न विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है.
