☰
Bihar

राष्ट्रीय प्रेस दिवस: ब्रेकिंग की होड़ में विश्वसनीयता से न करें समझौता, प्रेस दिवस पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा...।

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सभागार में सोमवार को एक परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस परिचर्चा का विषय पत्रकारिता: लोकप्रियतावादी या जिम्मेदारी रखा गया था. इसमें ग्रामीण विकास विभाग तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाती है. समाज में पत्रकारिता की भूमिका बेहद अहम है. सिर्फ समाचार देना ही काम नहीं है, बल्कि, जन मानस खासकर समाज के सबसे नीचले तबके की समस्या को सामने लाने का भी दायित्व है.

समाचार और आरोप के बीच हो अंतर

मंत्री ने स्पष्ट किया कि अपुष्ट और सनसनीखेज खबरों को प्रसारित या साझा करने से बचने की जरूरत है, क्योंकि इनसे समाज में भ्रम और तनाव पैदा हो सकती है. विश्वसनीयता और जनहित के मूल सिद्धांतों से कभी पत्रकारिता को समझौता नहीं करनी चाहिए. किसी व्यक्ति की निजता, गरिमा और संवेदनशीलता का सम्मान होना चाहिए. समाचार और आरोप के बीच अंतर स्पष्ट हो.

लोकप्रियता गलत नहीं, विश्वसनीयता जरूरी

मंत्री ने कहा कि बिहार में पत्रकारिता की एक समृद्ध परंपरा रही है. सोशल मीडिया के इस जमाने में आम नागरिकों का भी यह दायित्व है कि किसी समाचार या जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और विश्वसनीयता की जांच-पड़ताल कर लें. स्वतंत्रता के साथ विश्वसनीयता भी जरूरी है. लोकप्रियता गलत नहीं है, लेकिन इसके लिए गलत और भ्रामक तथ्यों की मदद नहीं ली जानी चाहिए. सही और तथ्यपरक जानकारी के साथ खबरों को प्रचारित करना चाहिए.

नीतीश कुमार के कामों की सराहना की

मंत्री ने कहा कि जब हम बिहार के विकास की चर्चा करते हैं तो पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए अभूतपूर्व विकासात्मक परिवर्तन  को अवश्य याद करना चाहिए. शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, महिला सशक्तीकरण से लेकर आम लोगों की जरूरतों के साथ ही उनके जीवन को आसान बनाने के लिए तमाम काम किए. छात्राओं को स्कूलों तक लाने के लिए साइकिल एवं पोशाक जैसी योजनाएं लाईं. 2018 में बिहार देश का पहला राज्य बन गया था, जहां घर-घर तक बिजली पहुंचा दी गई. महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए पंचायती राज व्यवस्था और नगर निकायों में 50 फीसदी आरक्षण देने से शुरुआत की गई. इसके बाद सरकारी नौकरी समेत तमाम जरूरी स्थानों पर उचित प्रतिशत में आरक्षण उपलब्ध कराया. आज जीविका समुहों से करोड़ों महिलाओं एवं परिवारों को जोड़ा. 13 लाख स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) बनाए गए और 1.85 करोड़ परिवार जोड़े गए हैं.

नीतीश कुमार के नेतृत्व में शुरू हुआ विकास कार्य

मंत्री ने कहा कि 1.85 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये और 1 लाख महिलाओं को 20-20 हजार रुपये दिए गए हैं. बिहार के 97-98 प्रतिशत घरों में का नल जल पहुंचाया गया है. प्रधानमंत्री ने भी इसकी सराहना की है और इसके आधार पर केंद्र में भी योजना बनाई गई. नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में शुरू किया गया जल-जीवन-हरियाली कार्यक्रम के अंतर्गत सूबे में ग्रामीण विकास विभाग और पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने संयुक्त रूप से 23 करोड़ से अधिक पौधे लगाए हैं. इस कार्यक्रम के पक्ष में 5 करोड़ लोगों ने 18 हजार किमी लंबी मानव श्रृंखला बनाई थी.

30 दिनों में जनता का होता है काम

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में शिक्षा, उद्योग, विधि-व्यवस्था समेत अन्य सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं. पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, यह उल्लेखनीय कार्य है. 30 दिनों में जनता का कार्य नहीं करने वाले पदाधिकारियों पर सख्त कार्रवाई भी हो रही है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयास से 551 मॉडल स्कूल और 211 डिग्री कॉलेज खोले गए हैं. नए टॉउनशिप, उद्योगों में निवेश समेत कई उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं. नीतीश कुमार की मजबूत नींव को आगे बढ़ाने का काम सम्राट चौधरी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि मीडिया को स्वस्थ्य आलोचना करना चाहिए, लेकिन वास्तविक तथ्यों और विकासात्मक कार्यों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत करना चाहिए. उन्होंने कहा कि राज्य में 129 पत्रकारों को पत्रकार पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है. इसके अलावा पत्रकार बीमा योजना से भी बड़ी संख्या में पत्रकारों को जोड़ा गया है. आने वाले दिन में पत्रकारों के कल्याण एवं सुविधा के लिए और भी कार्य किए जाएंगे.

प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ

इस मौके पर विभाग के संयुक्त सचिव अभिषेक पलासिया ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है. जनता और सरकार के बीच संवाद स्थापित करने का भी यह माध्यम है. पिछले कुछ समय से प्रेस का प्रारूप तेजी से बदला है. पहले अखबार ज्यादा पढ़े जाते थे, अब सोशल मीडिया ज्यादा देखे जा रहे हैं. इसके अनुसार सामाग्री में भी बदलाव आया है. उन्होंने कहा कि बिहार की छवि में बदलाव आया है. अब विकासात्मक छवि बनी है, इन बातों का खासतौर से उल्लेख करते हुए सरकार के अच्छे कार्यों को अधिक से अधिक संख्या में खबरों में लाना चाहिए. बिहार आज किसी राज्य से पीछे नहीं, बल्कि कई राज्यों से कई स्तर पर काफी आगे है.     

पत्रकारिता में जवाबदेही आवश्यक

परिचर्चा में अपने विचार व्यक्त करते हुए टाइम्स ऑफ इंडिया के वरिष्ठ सहायक संपादक मदन कुमार ने कहा कि वर्तमान दौर में पत्रकारिता के लिए आत्मनियंत्रण, निष्पक्षता और जवाबदेही बेहद आवश्यक हैं. विशेष रूप से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की जरूरत है. उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित आधुनिक तकनीकों के बढ़ते उपयोग के बीच फर्जी और भ्रामक खबरों की चुनौती भी बढ़ी है. ऐसे में पत्रकारिता का दायित्व है कि सूचनाओं का प्रसार तथ्यों और प्रमाणिक आंकड़ों के आधार पर किया जाए, ताकि समाज तक सही, विश्वसनीय और जिम्मेदार खबरें पहुँच सकें.

केवल सनसनीखेज बनाना खबर नहीं

जी टीवी के ब्यूरो चीफ रजनीश कुमार ने कहा कि खबरों की लोकप्रियता गलत नहीं है, लेकिन इसमें दायित्व और  सत्यता भी होनी चाहिए. पत्रकारों को अपने अधिकार का प्रयोग सावधानी से करना चाहिए. कशिश चैनल के संजय कुमार ने कहा कि पत्रकारिता पेशा नहीं, समाज के प्रति दायित्व है. कला रॉय ने कहा कि समय और तकनीक के बदलते परिवेश के कारण पत्रकारिता के स्वरूप में भी बदलाव आया है. केवल सनसनीखेज बनाना पत्रकारिता नहीं है. 
     
कार्यक्रम को विभाग के सुनील पाठक, पिंडार के संपादक अतिकुर रहमान ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम के शुरुआत में संयुक्त सचिव अभिषेक पलासिया ने मंत्री का स्वागत किया. इस मौके पर संयुक्त निदेशक रविभूषण सहाय और संयुक्त निदेशक नागेंद्र गुप्ता भी मंच पर मौजूद थे. संचालन सहायक निदेशक नूपुर झा और धन्यवाद ज्ञापन सहायक निदेशक विनीत सिन्हा ने किया.

TagsBihar