☰
Bihar

शराबबंदी के बावजूद जी का जंजाल बन रहा सूखे नशे का लत, नशामुक्ति केंद्रों पर इलाज के साथ युवाओं को बनाया जाएगा आत्मनिर्भर

Manjesh Kumar Patna
Manjesh Kumar Patna
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

पटना: बिहार में वर्ष 2016 से शराबबंदी कानून लागू है बावजूद इसके युवाओं में नशा का असर बहुत अधिक दिख रहा है. एक तरफ अवैध तरीके से शराब का कारोबार जारी है तो दूसरी तरफ सूखे नशे का कारोबार भी काफी तेजी से फैला है और युवा इसके शिकार भी हुए हैं. इस मामले में एक तरफ सरकार लगातार अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में काम कर रही है तो दूसरी तरफ युवाओं के नशे की लत छुड़ाने के लिए भी लगातार प्रयासरत है.अब सरकार नशामुक्ति अभियान के साथ ही युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़ी कवायद शुरू की जा रही है.

नशामुक्ति केंद्रों में चिकित्सक के साथ काउंसलर भी रहेंगे मौजूद

नशामुक्ति केंद्रों में इलाज करा रहे लोगों खासकर युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और आजीविका के अवसरों से जोड़ा जाएगा. साथ ही नशामुक्ति केंद्रों में प्रशिक्षित काउंसलर, चिकित्सक और अन्य जरूरी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि उपचार के बाद इन युवाओं का बेहतर तरीके से पुनर्वास हो सके और वे दोबारा नशे की गिरफ्त में न जाएं. इसके लिए समाज कल्याण विभाग एक विशेष कार्ययोजना को जल्द मूर्तरूप देगा. ये बातें समाज कल्याण विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल ने कहीं. वे पटना स्थित दशरथ मांझी श्रम नियोजन एवं अध्ययन संस्थान में समाज कल्याण विभाग के सामाजिक सुरक्षा निदेशालय की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे.

अब तक करीब 9 लाख लोग पहुंचे नशामुक्ति केंद्र

कार्यशाला में नशामुक्त भारत अभियान, दिव्यांगजनों के कल्याण एवं दिव्यांगता के क्षेत्र में शुरुआती हस्तक्षेप तथा विकसित भारत के लिए सुगम्य भारत अभियान जैसे तीन महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई. वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्यभर में 9,527 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 8 लाख 46 हजार 177 लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया गया. उन्होंने कहा कि राज्य में संचालित 13 नशामुक्ति केंद्रों की गुणवत्ता, उपचार व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाएगी. उन्होंने बताया कि कार्यशाला में विभिन्न विभागों और विशेषज्ञों से प्राप्त सुझावों को राष्ट्रीय कार्यशाला में प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन को और प्रभावी बनाया जा सके.

101 बुनियाद केंद्रों की होगी स्क्रीनिंग

दिव्यांग बच्चों की समय रहते पहचान और उपचार के लिए राज्य के 101 बुनियाद केंद्रों पर स्वास्थ्य स्थितियों की स्क्रीनिंग शुरू करने की तैयारी है. राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत फिलहाल राज्य के नौ प्रमंडलों में जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र संचालित हैं. यहां 44 प्रकार की स्वास्थ्य स्थितियों की स्क्रीनिंग की जाती है. अब इस व्यवस्था का विस्तार बुनियाद केंद्रों तक करने की योजना है. बच्चों के विकास के लिहाज से शून्य से छह वर्ष की उम्र बेहद महत्वपूर्ण होती है. इस दौरान किसी भी प्रकार की दिव्यांगता या स्वास्थ्य संबंधी समस्या की पहचान कर समय पर हस्तक्षेप किया जाए तो बेहतर परिणाम मिल सकते हैं. वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार देश में 2.68 करोड़ और बिहार में 23.31 लाख दिव्यांगजन है.

14 सुगम्य बसों की होने जा रही खरीद

सुगम्य भारत अभियान के तहत दिव्यांगजनों के लिए सार्वजनिक स्थलों और परिवहन सुविधाओं को सुलभ बनाने पर भी काम किया जा रहा है. बिहार में अब तक 44,755 सार्वजनिक संस्थानों और 45 वेबसाइटों को दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाया गया है. वहीं 15 बस स्टैंडों को सुगम्य बनाया जा चुका है. इसके अलावा दिव्यांगजनों की आवागमन संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 14 सुगम्य बसों की खरीद प्रक्रिया चल रही है. सचिव ने कहा कि जागरूकता, समय पर उपचार और सुगम्य सुविधाओं का विस्तार ही समावेशी एवं सशक्त समाज के निर्माण का आधार है.

नशे की लत का समग्र उपचार जरूरी

कार्यशाला में नालंदा मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ संतोष ने कहा कि नशे की लत केवल शारीरिक समस्या नहीं है, बल्कि यह जैविक, मनोवैज्ञानिक और सामाजिक पहलुओं से जुड़ी जटिल समस्या है. वर्ष 2016 में शराबबंदी लागू होने के बाद बिहार के सभी 38 जिलों में एक-एक नशामुक्ति इकाई शुरू की गई थी, जबकि पटना में दो केंद्र स्थापित किए गए. नालंदा मेडिकल कॉलेज स्थित नशामुक्ति केंद्र में अब तक करीब 13,500 मरीजों का ओपीडी में उपचार किया जा चुका है. वहीं, 3,500 से 4,000 मरीजों को भर्ती कर इलाज दिया गया है.

कार्यशाला में विभिन्न विशेषज्ञों ने तीनों विषयों पर अपने विचार रखे और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सुझाव दिए. मौके पर महिला एवं बाल विकास निगम की प्रबंध निदेशक इनायत खान, सामाजिक सुरक्षा निदेशालय की निदेशक डॉ प्रीति, दिव्यांगजन सशक्तीकरण निदेशालय की निदेशक अंजलि शर्मा समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद थे.

TagsBihar