जमुई(JAMUI):मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को जमुई जिले के झाझा प्रखंड स्थित न्यू बोड़वा बस स्टैंड के पास लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया. इस दौरान उन्होंने सरदार पटेल को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्रभक्ति और देश की एकता एवं अखंडता के प्रति समर्पण आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है. मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के एकीकरण में सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय रहा है और उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शन करते हैं.
नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए उद्योगों की स्थापना का काम तेजी से शुरू किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य में परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 100 से अधिक नए बस स्टैंड बनाए जाएंगे. इससे लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी और आवागमन भी आसान होगा.
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कही बड़ी बात
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला अस्पतालों में 36 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधाएं उपलब्ध हैं. उन्होंने निर्देश दिया कि यदि कोई चिकित्सक बिना उचित कारण मरीज को दूसरे अस्पताल में रेफर करता है, तो उसकी जवाबदेही तय की जाएगी और नियमों के अनुसार कार्रवाई होगी. कार्यक्रम को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और परिवहन मंत्री दामोदर राउत ने भी संबोधित किया. इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे.
