Bihar

नीतीश कुमार से मिले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, करीब 20 मिनट तक दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार की राजनीति में गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री और JDU के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई. इस मुलाकात को मौजूदा राजनीतिक हलचल के बीच अहम माना जा रहा है.

मिली जानकारी के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच बिहार विधान परिषद चुनाव, जमुई की हालिया घटना और राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई. हालांकि मुलाकात के बाद बातचीत का विस्तृत आधिकारिक ब्योरा सामने नहीं आया है.

जमुई की घटना पर भी हुई चर्चा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जमुई की घटना और उसके बाद की गई कार्रवाई से जुड़ी जानकारी नीतीश कुमार के साथ साझा की.

जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ हुई घटना को लेकर पिछले कुछ दिनों से बिहार की राजनीति गरमाई हुई है. मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी इस घटना को लेकर प्रतिक्रिया दे चुके हैं और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है.

विधान परिषद चुनाव पर भी बातचीत की जानकारी

मुलाकात के दौरान बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर भी चर्चा होने की जानकारी सामने आ रही है. चुनाव आयोग ने बिहार में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ विधान परिषद सीटों के चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया है. इन सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होनी है.

इससे पहले जदयू की बैठक में भी विधान परिषद चुनाव समेत बिहार की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा हुई थी.

गाड़ी तक छोड़ने आए नीतीश कुमार

करीब 20 मिनट की मुलाकात खत्म होने के बाद नीतीश कुमार खुद सम्राट चौधरी को उनकी गाड़ी तक छोड़ने आए. रवाना होने से पहले सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को प्रणाम किया और फिर वहां से निकल गए.

सम्राट चौधरी पहले भी नीतीश कुमार को वरिष्ठ नेता बताते हुए कह चुके हैं कि उनकी ओर से कोई सलाह मिलती है तो वह उसे जरूर सुनेंगे.

फिलहाल दोनों नेताओं की इस मुलाकात के बाद बिहार के सियासी गलियारों में चर्चा तेज है. खासकर विधान परिषद चुनाव और जमुई की घटना को लेकर आगे सरकार और सत्तारूढ़ गठबंधन की रणनीति पर नजर बनी हुई है.