पटना (PATNA) : बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र पासवान के सामने एक फरियादी ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति (SC-ST) अनुदान योजना में घूस मांगने की शिकायत की. फरियादी ने मंत्री को बताया कि अनुदान की राशि जारी करने के लिए उससे ₹50 हजार की मांग की जा रही है.
इसकी रिकॉर्डिंग भी सामने आई है
सकी रिकॉर्डिंग भी सामने आई हैशिकायत सुनने के बाद मंत्री ने फरियादी से कहा कि जिस व्यक्ति ने पैसे मांगे हैं, उसे तुरंत फोन लगाया जाए. मंत्री की मौजूदगी में फरियादी ने कथित डाटा ऑपरेटर को फोन किया. फोन पर हुई बातचीत में डाटा ऑपरेटर ने कथित तौर पर साफ कहा कि ₹50 हजार देने के बाद ही अनुदान की राशि खाते में भेजी जाएगी. यह पूरी बातचीत मौके पर मौजूद लोगों के सामने हुई और इसकी रिकॉर्डिंग भी सामने आई है.
मंत्री ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए
बताया जा रहा है कि संबंधित डाटा ऑपरेटर सीतामढ़ी जिले के सोनबरसा क्षेत्र में कार्यरत है. फोन कॉल के बाद मंत्री लखेंद्र पासवान ने तुरंत अधिकारियों से बात की और मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए.
लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी
मंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि शिकायतकर्ता उनकी मौजूदगी में आया था और उसी समय फोन पर बातचीत कराई गई. बातचीत के दौरान पैसे मांगने की बात सामने आने के बाद अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
पूरे मामले की जांच शुरू
अब इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.फिलहाल फोन कॉल की रिकॉर्डिंग और शिकायत चर्चा का विषय बनी हुई है. हालांकि, अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा.
