Bihar

पटना में महिला से दिनदहाड़े मोबाइल छीनकर फरार हुए अपराधी, महिलाओं की सुरक्षा पर उठे सवाल ?

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना ( PATNA) : बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. ताजा मामला बहादुरपुर थाना क्षेत्र का है, जहां दिनदहाड़े एक महिला से सरेआम मोबाइल छीनकर अपराधी फरार हो गया. यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है.

जानकारी के अनुसार, महिला अपने घर के पास सड़क से गुजर रही थी. इसी दौरान एक अज्ञात अपराधी वहां पहुंचा और अचानक महिला के हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया. महिला के कुछ समझने से पहले ही आरोपी मौके से तेजी से फरार हो गया. यह घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला को संभलने का भी मौका नहीं मिला.

इलाके में दहशत का माहौल

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बहादुरपुर और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल और चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों, खासकर महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. लोगों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं.

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है. बहादुरपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फुटेज के आधार पर अपराधी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

इधर, राजनीतिक स्तर पर भी इस घटना को लेकर बयानबाजी शुरू हो गई है. प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और गृह विभाग से जुड़े नेताओं ने अपराधियों को सख्त चेतावनी दी है कि किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

हालांकि, लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आम जनता का कहना है कि जब राजधानी में ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो बाकी जिलों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है. फिलहाल पुलिस जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

 

 

TagsBihar