पटना: बिहार ने इन दिनों पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद राजधानी पटना में भी अपराध कम नहीं हो रहे. ताजा मामला पटना के मसौढी से है जहां एक भाई ने ही चचेरे भाई को ही गोली मार दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई, वहीं परिवार के लोगों ने जख्मी हालत में युवक को अस्पताल पहुंचाया. घटना मसौढ़ी के तारेगनाडीह की है जबकि जख्मी की लक्षण राकेश कुमार राम के रूप में की गई बताया का रहा है कि शनिवार की सुबह कुछ पारिवारिक विवाद हुआ था, इसी दौरान चचेरे भाई ने राकेश राम पर गोली चला दी. बताया जा रहा है कि वह एक गोली से बच गए, लेकिन दूसरी गोली उन्हें लग गई.
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. घटना को लेकर लोगों ने बताया कि मसौढ़ी नगर के तारेगनाडीह वार्ड-2 में शनिवार सुबह करीब 8 बजे पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. यहां राकेश कुमार राम को उनके चचेरे भाई राहुल कुमार ने गोली मार दी. गोली राकेश के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
परिजनों के अनुसार, राकेश मोहल्ले के पश्चिम स्थित एक बगीचे में मौजूद थे. इसी दौरान राहुल वहां पहुंचा और उनके साथ बदसलूकी करने लगा. राकेश ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. इसी दौरान राहुल ने कमर से पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी. पहली गोली चलने पर राकेश झुक गए, जिससे गोली उन्हें नहीं लगी. इसके बाद राहुल ने दूसरी गोली चलाई, जो राकेश के पेट में जा लगी. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गए. वारदात के बाद आरोपी वहां से भाग निकला. बताया जाता है कि राकेश और राहुल के परिवारों के बीच करीब एक साल पहले भी पारिवारिक विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था. इसी पुरानी रंजिश को घटना की वजह बताया जा रहा है. हालांकि, विवाद के पूरे कारणों की पुलिस जांच कर रही है.
घटना की सूचना मिलने पर 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद एसडीपीओ राघव दयाल और थानाध्यक्ष विवेक भारती अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने घायल से घटना की जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन की.