Bihar

छात्रों की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल, इनकम टैक्स चौराहे से सीएम हाउस तक मार्च

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बिहार में छात्रों के मुद्दों को लेकर आज कांग्रेस पटना में बड़ा प्रदर्शन करेगी. पार्टी ने बिहार के छात्रों पर हुए कथित अत्याचार और उनकी पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का ऐलान किया है. इस प्रदर्शन को लेकर राजधानी पटना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

प्रशासन पूरी तरह सतर्क

कांग्रेस का प्रदर्शन इनकम टैक्स चौराहे से शुरू होकर मुख्यमंत्री आवास तक जाएगा. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता, कार्यकर्ता और छात्र शामिल होने की संभावना है. इसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. कई जगह बैरिकेडिंग भी की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और यातायात प्रभावित न हो।

कांग्रेस का कहना है कि बिहार में छात्रों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है. पार्टी छात्रों की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करना चाहती है. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता सरकार से छात्रों की समस्याओं का जल्द समाधान करने और उनकी मांगों को पूरा करने की मांग करेंगे.

वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें

प्रशासन ने प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है. वहीं, आम लोगों से अपील की गई है कि वे आवश्यकता होने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, क्योंकि प्रदर्शन के कारण कुछ मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है.

राजधानी में आज होने वाला यह प्रदर्शन राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है. अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि प्रदर्शन के दौरान स्थिति कैसी रहती है और सरकार कांग्रेस की मांगों पर क्या प्रतिक्रिया देती है.

 

 

TagsBihar