पटना (PATNA) : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समाज में अपराध, शराब, रोजगार और पलायन को लेकर बड़ा बयान दिया है. पटना में ह्यूमन ट्रैफिकिंग से जुड़े एक कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि कम समय में ज्यादा पैसा कमाने की चाहत में समाज का एक बड़ा हिस्सा शराब के अवैध कारोबार या अपराध के क्षेत्र की ओर जा रहा है. ऐसे लोगों को यह समझने की जरूरत है कि इस रास्ते पर जाकर वे अपना भविष्य और जिंदगी खराब कर रहे हैं.
स्थानीय स्तर पर रोजगार के ज्यादा अवसर पैदा हों
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है. युवाओं को रोजगार से जोड़ने और राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कई स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने बिहार में औद्योगिक विकास को लेकर भी बड़ा दावा किया. सम्राट चौधरी ने कहा कि आने वाले छह महीने में बिहार में स्टील हब बनाने की दिशा में काम शुरू हो जाएगा. इसके लिए समझौते किए गए हैं. सरकार का प्रयास है कि बिहार में नए उद्योग आएं और स्थानीय स्तर पर रोजगार के ज्यादा अवसर पैदा हों.
रोजगार और उद्योग के क्षेत्र में लगातार काम
मुख्यमंत्री ने माना कि बिहार में अभी बहुत कुछ सुधार करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि सरकार धीरे-धीरे विभिन्न क्षेत्रों में सुधार कर रही है. राज्य से होने वाले पलायन को रोकना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. पलायन के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक लोगों को बिहार में पर्याप्त रोजगार नहीं मिलेगा तब तक पलायन को पूरी तरह रोकना संभव नहीं है. इसलिए सरकार रोजगार और उद्योग के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है.
रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री के इस बयान को रोजगार और पलायन के साथ ही अपराध तथा अवैध शराब के कारोबार से जोड़कर देखा जा रहा है. उन्होंने युवाओं को गलत रास्ते से दूर रखने के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया.
