पटना (PATNA) : राजधानी पटना के गांधी मैदान में 5 हजार नवनियुक्त गृह रक्षकों के भव्य पासिंग आउट परेड समारोह का आयोजन हुआ. समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जवानों से राज्य की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया. इस दौरान उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात दोहराते हुए कहा कि बिहार में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है. साथ ही छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बड़े कदमों की घोषणा करते हुए स्कूल और कॉलेजों के बाहर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का भरोसा दिया.
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 5 हजार नवनियुक्त गृह रक्षकों (होमगार्ड) के पासिंग आउट परेड समारोह के आयोजन में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उनके साथ उपमुख्यमंत्री उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. समारोह को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं. गांधी मैदान में विशेष पंडाल बनाए गए थे जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी.
इस अवसर पर बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने नवनियुक्त गृह रक्षकों को संबोधित करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि बिहार को सुरक्षित एवं समृद्ध बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गृह वाहिनी के जवानों के साथ मजबूती से खड़ी है और भविष्य में भी उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम जारी रहेगा.
उन्होंने बताया कि पहले गृह रक्षकों को प्रतिदिन 774 रुपये मानदेय मिलता था, जिसे नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार ने बढ़ाकर 1121 रुपये कर दिया था. इससे उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा.
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के 13 करोड़ से अधिक लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. राज्य में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और सरकार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को पूरी छूट दी है. उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा. इसके लिए 5 हजार स्कूटी और मोटरसाइकिल खरीदी जा रही हैं. कॉलेजों के बाहर "पुलिस दीदी" की तैनाती कर छात्राओं को सुरक्षा और संरक्षण प्रदान किया जाएगा.
वहीं उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने नवनियुक्त गृह रक्षकों की परेड की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तैयारी और अनुशासन को देखकर विश्वास हो गया है कि बिहार में अपराधियों के लिए अब कोई जगह नहीं बचेगी. उन्होंने कहा कि राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में गृह रक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी.
