Bihar

स्वतंत्रता दिवस पर CM सम्राट चौधरी ने किया बड़ा ऐलान, 2030 तक एक करोड़ युवाओं को नौकरी-रोजगार देने का लक्ष्य

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

पटना(PATNA):पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहली बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडा फहराया. इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए बिहार के विकास और भविष्य की योजनाओं को लेकर कई बड़े ऐलान किए. मुख्यमंत्री के भाषण में सबसे ज्यादा जोर युवाओं, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, किसानों और उद्योग पर रहा. सरकार ने वर्ष 2030 तक एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया है. इसके साथ ही छात्रों की समस्याओं के समाधान, परीक्षा व्यवस्था में सुधार, किसानों की आय बढ़ाने और राज्य में नए उद्योग लगाने को लेकर भी कई घोषणाएं की गईं.मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए 17 अगस्त से विद्यार्थी सहयोग पोर्टल शुरू किया जाएगा. इस पोर्टल के जरिए छात्र अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे और उनका समाधान 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा. छात्रों से जुड़े कार्यों के बेहतर समन्वय के लिए सभी संबंधित विभागों में छात्र कल्याण निदेशालय का गठन किया जाएगा. वहीं बिहार में परीक्षाओं को सुचारु, पारदर्शी, निष्पक्ष और आधुनिक बनाने के लिए राज्य स्तरीय परीक्षा सुधार समिति का गठन होगा. शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए उच्चस्तरीय समिति भी बनाई जाएगी. राज्य में स्थापित 551 सरस्वती विद्या निकेतनों में IIT-JEE, NEET समेत विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग देने की व्यवस्था की जा रही है.

 2030 तक एक करोड़ युवाओं को नौकरी-रोजगार देने का लक्ष्य

रोजगार और उद्योग को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य युवाओं को सिर्फ नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है. इसी दिशा में 2030 तक एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है. बिहार में 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने की योजना है और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए नई औद्योगिक भूमि विकसित की जा रही है. सरकार ने राज्य में सेमीकंडक्टर उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सेमीकंडक्टर नीति 2026 भी शुरू की है. इसके अलावा युवाओं के समग्र विकास के लिए बिहार युवा नीति बनाने और उसकी निगरानी के लिए स्टेट यूथ कमिशन गठित करने का निर्णय लिया गया है.

राज्य में 25 नई चीनी मिलें स्थापित करने की दिशा में सरकार काम कर रही है

किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों की खुशहाली के लिए राज्य में 25 नई चीनी मिलें स्थापित करने की दिशा में सरकार काम कर रही है. इनमें 10 चीनी मिलों की शुरुआत की जा चुकी है, जबकि अगले छह महीने में पांच और चीनी मिलें शुरू करने का लक्ष्य है. किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हर खेत तक पानी पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है. वहीं स्वास्थ्य के क्षेत्र में 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को घर पर ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई. जिला अस्पतालों में करीब 36 प्रकार की सर्जरी की सुविधा सुनिश्चित करने और अनावश्यक रेफरल की समस्या को खत्म करने की दिशा में भी काम किया जाएगा.

पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी कई बड़े ऐलान

मुख्यमंत्री ने पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी कई बड़े ऐलान किए. पटना जिले के मोकामा में 10 एकड़ जमीन पर तिरुपति बालाजी ट्रस्ट की ओर से तिरुपति बालाजी मंदिर का निर्माण किया जाएगा. बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हेली-टूरिज्म और एयर टूरिज्म सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है. इसके अलावा राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की योजना है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को शिक्षा, रोजगार, उद्योग, स्वास्थ्य, कृषि और पर्यटन के क्षेत्र में आगे ले जाना है, ताकि राज्य विकसित और समृद्ध बिहार की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सके.

TagsBihar