Bihar

बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा और जनसुराज कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, पुलिस ने कराया बीच-बचाव

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान किदवईपुरी स्थित एक मतदान केंद्र के बाहर भाजपा और जनसुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए, जिससे कुछ समय के लिए मौके पर तनाव का माहौल बन गया.

दोनों पक्षों के बीच पहले बहस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले बहस शुरू हुई जो जल्द ही विवाद में बदल गई. सूचना मिलते ही मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को शांत कराया. पुलिस ने कार्यकर्ताओं को मतदान केंद्र से दूर हटाया और स्थिति को नियंत्रण में लिया.

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

घटना के बाद मतदान केंद्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई. अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी

हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद की वजह का पता लगाने में जुटी है. प्रशासन का कहना है कि उपचुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

प्रशासन की पूरे क्षेत्र पर नजर

इस घटना के बावजूद मतदान प्रक्रिया जारी रही और मतदाताओं ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने मताधिकार का प्रयोग किया. प्रशासन लगातार पूरे क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके.

 

TagsBihar