Bihar

चिराग पासवान का बड़ा बयान, बोले- शराबबंदी कानून की होनी चाहिए समीक्षा, तेजस्वी पर भी साधा निशाना

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA) : केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार में लागू शराबबंदी कानून को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि अब शराबबंदी कानून की समीक्षा की जानी चाहिए. चिराग पासवान के मुताबिक जिस सोच और उद्देश्य के साथ बिहार में यह कानून लागू किया गया था उस पर यह पूरी तरह खरा नहीं उतर पाया है.

अब समय आ गया है कि इसकी समीक्षा की जाए

चिराग पासवान ने कहा कि शराबबंदी कानून कितना सफल हुआ और अगर यह सफल नहीं हो पाया तो इसके पीछे क्या कारण रहे, इन सभी बातों की समीक्षा जरूरी है. उन्होंने कहा कि समीक्षा के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी. इससे यह भी पता चलेगा कि कानून को लागू करने के दौरान कहां कमियां रहीं और इसके उद्देश्यों को कितना हासिल किया जा सका. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिस सोच के साथ शराबबंदी कानून लाया गया था निश्चित तौर पर उस सोच पर यह कानून पूरी तरह खरा नहीं उतर पाया. ऐसे में अब समय आ गया है कि इसकी समीक्षा की जाए.

बिहार में एक बार फिर राजनीतिक चर्चा हो सकती है तेज

वहीं, तेजस्वी यादव द्वारा 19 मार्च को राजभवन मार्च किए जाने से जुड़े सवाल पर भी चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चाहे बिहार के नेता प्रतिपक्ष हों या देश के नेता प्रतिपक्ष, ये लोग समय निकल जाने के बाद पहुंचते हैं.चिराग पासवान ने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान हो चुका है और छात्र भी इस बात को जानते हैं. ऐसे में बाद में किए जाने वाले मार्च का कोई खास मतलब नहीं रह जाता है. चिराग पासवान के शराबबंदी कानून की समीक्षा वाले बयान के बाद बिहार में इस मुद्दे पर एक बार फिर राजनीतिक चर्चा तेज हो सकती है.

 

TagsBihar