Bihar

चिराग पासवान का दावा: NDA की जीत तय, भारी मतों से जीतेगा BJP उम्मीदवार,पढ़िए पूरी खबर

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
चिराग पासवान का दावा: NDA की जीत तय, भारी मतों से जीतेगा BJP उम्मीदवार,पढ़िए पूरी खबर

पटना (PATNA) : चुनाव प्रचार के अंतिम दिन केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की जीत का भरोसा जताते हुए बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि इस चुनाव का परिणाम लगभग स्पष्ट है और भारतीय जनता पार्टी  के उम्मीदवार की भारी मतों से जीत तय है.

जीत का अंतर देखना बाकी

चिराग पासवान ने कहा कि एनडीए के सभी सहयोगी दल पूरी मजबूती के साथ भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान कार्यकर्ताओं, नेताओं और आम लोगों से मिले फीडबैक से यह साफ संकेत मिल रहा है कि जनता ने एनडीए के पक्ष में अपना मन बना लिया है. उनके अनुसार अब केवल जीत का अंतर देखना बाकी है.

जनता सब कुछ देख रही है

इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें तेजस्वी ने कहा था कि उनकी सरकार बनने पर लोगों को पेंशन दी जाएगी. इस पर पलटवार करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि तेजस्वी यादव अब दिन में भी सपने देखने लगे हैं. उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और चुनाव में इसका जवाब देगी.

जनता का भरोसा कमजोर होगा

चिराग पासवान ने तेजस्वी यादव की विधानसभा में उपस्थिति पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब विधानसभा का सत्र चलता है, तब नेता प्रतिपक्ष कई बार सदन से अनुपस्थित रहते हैं. इससे सदन की कार्यवाही और विपक्ष की भूमिका दोनों प्रभावित होती हैं. उनका कहना था कि जनता ने विपक्ष को सरकार की जवाबदेही तय करने की जिम्मेदारी दी है, लेकिन यदि विपक्ष अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाएगा तो जनता का भरोसा कमजोर होगा.

भारी मतों से जीत दर्ज करेगा

केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि विपक्ष की मौजूदा स्थिति इसी वजह से बनी है. उन्होंने कहा कि जनता विकास, स्थिरता और बेहतर शासन के मुद्दे पर एनडीए के साथ खड़ी है. चिराग पासवान ने विश्वास जताया कि चुनाव परिणाम आने पर भाजपा उम्मीदवार भारी मतों से जीत दर्ज करेगा और एनडीए एक बार फिर मजबूत प्रदर्शन करेगा.