पटना: वैशाली के राघोपुर क्षेत्र में बड़ा नाव हादसा होने की खबर सुन केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान कैबिनेट की बैठक छोड़ बिहार आ गए हैं. चिराग पासवान पीड़ित परिवार से मुलाकात करने राघोपुर जायेंगे. दिल्ली से पटना पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह घटना काफी दुखद है. देर रात जानकारी मिलने के बाद मैं खुद को रोक नहीं सका और कैबिनेट की बैठक छोड़ यहां आया हूं. अब मैं पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने जा रहा हूं. इस घटना की सूचना मैंने प्रधानमंत्री को भी दी है जिसके बाद उन्होंने भी अपनी संवेदना व्यक्त की है. यकीन नहीं होता है कि छोटे छोटे बच्चे इस घटना में चले गए.
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि घटना के संबंध में सूचना मिली है कि स्थानीय लोगों ने जर्जर हो चुके नाव को बदलने की मांग की थी जिसे नजरअंदाज किया गया. चिराग ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और अगर यह सच है तो सभी जिम्मेदार कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. जो लोग चले गए हैं वह वापस तो नहीं आएंगे लेकिन जो बचे हैं उनके इलाज और पीड़ित परिवारों की मदद के लिए केंद्र और राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाएं. केंद्र और राज्य की सरकार ने मुआवजे की घोषणा की है, प्रयास रहेगा कि वह जल्द से जल्द मिले.