Bihar

17 सितंबर से बिहार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का होगा आगाज, गांव से शहर तक चलेगा महाअभियान

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

पटना (PATNA): बिहार में 17 सितंबर से शुरू होने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' की तैयारियां तेज कर दी गई हैं. मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अभियान की कार्ययोजना और विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई. बैठक में विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव और सचिव मौजूद रहे, जबकि जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े. मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया.

आशीर्वाद का दीया' से होगी अभियान की शुरुआत

अभियान 17 सितंबर की शाम 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के साथ शुरू होगा. इसके तहत घरों के साथ प्रत्येक जिले के कम-से-कम 10 प्रमुख सार्वजनिक और प्रतीकात्मक स्थानों पर सामूहिक दीप प्रज्वलन की योजना है. दीयों को लाभार्थियों तक पहुंचाने में जीविका, नगर निकाय और जन वितरण प्रणाली की मदद ली जाएगी. 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सरकारी और निजी विद्यालयों में 'सेवा चित्र' कार्यक्रम आयोजित होगा. 'विकसित भारत संकल्प' विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के साथ अभिभावक-शिक्षक बैठक भी आयोजित की जाएगी.

नुक्कड़ नाटक से योजनाओं की दी जाएगी जानकारी

'सेवा स्मरण' के तहत पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों और सरकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए 18 से 20 नाट्य टोलियां गठित की जाएंगी. ये टीमें स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों में नुक्कड़ नाटक करेंगी. दो अक्टूबर को विशेष प्रस्तुतियों की भी योजना है. वहीं, 'आंगन का मिलन' के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय कार्यक्रम होंगे. इनमें आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, लाभार्थी माताओं से संवाद, बच्चों के लिए गतिविधियां तथा स्वास्थ्य और पोषण योजनाओं की जानकारी शामिल होगी.

गांवों और शहरों में चलेगा सेवा सेतु अभियान

सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी से लोगों तक पहुंचाने के लिए 'सेवा सेतु अभियान' के अंतर्गत ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर 'सरकार आपके द्वार' शिविर लगाए जाएंगे. इनमें केंद्र सरकार की 26 प्रमुख योजनाओं सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों के मौके पर निष्पादन पर जोर रहेगा. इसके अलावा सेवा ज्योति यात्रा, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, तालाब एवं छठ घाटों की सफाई, मानव रंगोली, भारत मंडला, नवाचार चुनौती और जनसेवक महाकुंभ जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी.

मार्च 2027 तक चलेगा कायाकल्प अभियान

मुख्य अभियान के साथ 17 सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक 'सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान' भी चलेगा. विभिन्न विभागों को मरम्मत के काम 30 नवंबर तक और सरकारी भवनों का रंग-रोगन दिवाली तक पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है. स्वीकृत नए निर्माण कार्यों को मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.

TagsBihar